खबरवाणी
हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा…
भजनों की रसधारा में डूबा श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर, खाटू श्याम संकीर्तन में उमड़ा आस्था का सैलाब
भौंरा। हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा… और श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम… जैसे भक्तिमय भजनों की गूंज के बीच श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित भव्य खाटू श्याम संकीर्तन ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण निर्मित कर दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। बाबा खाटू श्याम का मनमोहक दरबार सजाया गया, जहां छप्पन भोग अर्पित किए गए तथा इत्र वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक गुलाब वारसे ने अपनी सुमधुर वाणी, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और भक्तिमय प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा। उन्होंने जब बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए भजन प्रस्तुत किए तो श्रद्धालु झूमने पर विवश हो गए। उनके गायन की विशेषता केवल सुरों की मधुरता तक सीमित नहीं रही, बल्कि भक्ति भाव से ओतप्रोत प्रस्तुति ने श्रोताओं के हृदय को सीधे स्पर्श किया। हर भजन के साथ श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह और अधिक बढ़ता गया। वहीं प्रख्यात भजन गायिका कृतिका मालवीय ने अपनी ओजस्वी एवं सुरीली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनकी मधुर आवाज और मंच संचालन की प्रभावशाली शैली ने पंडाल में उपस्थित प्रत्येक श्रद्धालु को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु हाथों में फूल लिए बाबा श्याम के जयकारे लगाते नजर आए। कई श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य करते दिखाई दिए, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात तक बनी रही। कार्यक्रम के अंत में आरती एवं प्रसादी वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे बाबा श्याम की कृपा और भक्तों की आस्था का अद्भुत संगम बताया।





