खबरवाणी
दंडवत यात्रा के 57वें दिन सारनी पहुंचे आकाश कुमरे, 800 किमी का कठिन सफर जारी
खबरवाणी न्यूज़ – रफीक
सारनी। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी क्षेत्र से शुरू हुई आस्था और संकल्प की अनूठी दंडवत यात्रा करते हुए युवक आकाश कुमरे 57वें दिन सारनी पहुंच गए। वे ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए करीब 800 किलोमीटर की लंबी यात्रा पर निकले हैं, जिसे वे निरंतर दंडवत करते हुए पूरा कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार आकाश प्रतिदिन लगभग 3 से 4 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका हौसला मजबूत बना हुआ है। यात्रा के दौरान वे सड़कों पर ही विश्राम करते हैं और फिर अगले दिन अपने लक्ष्य की ओर बढ़ जाते हैं। सारनी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनकी इस कठिन तपस्या को देखकर आश्चर्य व्यक्त किया और उनके संकल्प की सराहना की।
आकाश कुमरे का कहना है कि उनका उद्देश्य हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देना, गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिलाना और हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर जनजागरण करना है। वे अपनी यात्रा के माध्यम से समाज और सरकार तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं।
यात्रा के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे रास्ते में मिलने वाले सहयोग से ही भोजन की व्यवस्था करते हैं। कई बार उन्हें भूखे पेट भी आगे बढ़ना पड़ता है, लेकिन अपने लक्ष्य को लेकर वे अडिग हैं।





