Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आमला अनुविभागीय अधिकारी का ‘सुपर एक्शन: ग्राम पंचायत छावल भवन पर लटका मिला ताला, तो कहीं पटवारी नदारद; लापरवाहों को नोटिस की फटकार।

By
On:

खबरवाणी

आमला अनुविभागीय अधिकारी का ‘सुपर एक्शन: ग्राम पंचायत छावल भवन पर लटका मिला ताला, तो कहीं पटवारी नदारद; लापरवाहों को नोटिस की फटकार।

औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, छावल में ताला तुड़वाकर खुलवाया दफ्तर, अच्छा काम करने वाली महिला पटवारी को मिला प्रशंसा पत्र।

आमला। सरकारी तंत्र में पसरी सुस्ती और ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी शैलेंद्र बडोनिया ने बुधवार को ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों का तूफानी दौरा किया। इस औचक निरीक्षण ने पंचायत मुख्यालयों में हड़कंप मचा दिया। कहीं दफ्तरों में ताले लटके मिले, तो कहीं जिम्मेदार अधिकारी जनसुनवाई से भी गायब पाए गए। एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लापरवाह सचिवों और पटवारियों को नोटिस थमाए हैं, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पटवारी का सम्मान कर एक नजीर पेश की है।

छावल: बंद मिला पंचायत भवन, सरपंच ने आकर खुलवाया ताला।

एसडीएम जब ग्राम पंचायत छावल पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। ग्रामीणों की शिकायतें सच साबित हुईं; पंचायत भवन पर ताला लटका था और सचिव, रोजगार सहायक व पटवारी तीनों नदारद थे। एसडीएम की मौजूदगी की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सरपंच को मौके पर बुलाया गया और कार्यालय खुलवाया गया। एसडीएम ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए सचिव और रोजगार सहायक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जनपद सीईओ को दिए हैं।

बोरीखुर्द: जनसुनवाई से गायब पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

निरीक्षण का अगला पड़ाव बोरीखुर्द रहा। यहां रोजगार सहायक तो मौके पर मिले, लेकिन सचिव और पटवारी गायब थे। चौंकाने वाली बात यह रही कि हल्का पटवारी बीते मंगलवार (12 मई) को हुई महत्वपूर्ण ‘जनसुनवाई’ में भी उपस्थित नहीं थे। लगातार अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसडीएम ने पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही यहां रुके हुए संबल योजना के आवेदनों को तत्काल निपटाने और मनरेगा के तहत बन रहे तालाब के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

खापाखतेडा: काम की दिखी चमक, पटवारी श्रीमती प्रीति का हुआ सम्मान।

निरीक्षण के दौरान खापाखतेडा पंचायत में स्थिति बिल्कुल उलट और संतोषजनक मिली। यहां हल्का पटवारी श्रीमती प्रीति पोटफोडे, सचिव और कोटवार सभी मुस्तैद मिले। पटवारी द्वारा किसानों की ‘फार्मर आई डी बनाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा था। पूरे अनुभाग में सर्वाधिक आईडी बनाने के उत्कृष्ट कार्य से खुश होकर एसडीएम बडोनिया ने श्रीमती प्रीति को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो अच्छा काम करेगा उसे सम्मान मिलेगा, लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

कनौजिया: गंदगी देख बिफरे अधिकारी, नालियों की सफाई के सख्त निर्देश

ग्राम पंचायत कनौजिया में एसडीएम ने पंचायत के रिकॉर्ड और केसबुक की जांच की। यहां पेयजल और आवास योजना की प्रगति तो ठीक मिली, लेकिन गांव में गंदगी का अंबार देख एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सरपंच और सचिव को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले गांव की सभी नाली-नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जर्जर आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत और नए भवन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश महिला बाल विकास अधिकारी को दिए।

औचक निरीक्षण के दौरान पंचायत में मिली खामियां

सख्त कार्रवाई: 3 पटवारियों और 2 सचिवों को नोटिस जारी।
राशन जांच: छावल में राशन दुकान का स्टॉक चेक किया, ग्रामीणों ने सही वितरण की पुष्टि की।
लक्ष्य: लंबित 85-122 समग्र केवाईसी 7 दिन के भीतर पूर्ण करने की डेडलाइन।
विशेष कैंप: कनौजिया में 14 से 16 मई तक ‘फार्मर आई डी पंजीयन के लिए विशेष शिविर लगेगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News