खबरवाणी
खैरवानी के पास दर्दनाक सड़क हादसा, महिला प्रधान आरक्षक की मौके पर मौत
खैरवानी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बैतूल में पदस्थ प्रधान आरक्षक मोनिका साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दो बेटियां दिव्या और काव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय मोनिका साहू अपनी दोनों बेटियों 11 वर्षीय दिव्या और 5 वर्षीय काव्या के साथ कार से दुनावा से बैतूल लौट रही थीं। इसी दौरान खैरवानी गांव के पास एक लोडिंग वाहन को साइड देने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बच्चियों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।





