खबरवाणी
शोभापुर बस स्टॉप पर तूफान-स्कूटी भिड़ंत, 50 वर्षीय घायल
खबर वाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। शोभापुर कॉलोनी बस स्टॉप पर दोपहर करीब 1:30 बजे तूफान वाहन और स्कूटी सवार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार तूफान वाहन गांव पाडर के पास से एक युवक का तिलक लेकर सारनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी (एक्टिवा होंडा MP48-ZC-0331) सवार, जो बगडोना अपनी बेटी से मिलने जा रहा था, शोभापुर स्टॉप पर अचानक मोड़ काटते हुए तूफान जीप से टकरा गया।
हादसे में लगभग 50 वर्षीय स्कूटी सवार घायल हो गया, जिसके सिर और नाक में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल को उसी तूफान वाहन से घोड़ाडोंगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद ऑक्सीजन लगाकर उसे बेहतर इलाज के लिए बैतूल अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शोभापुर, बगडोना, कालीमाई और तिगड्डा क्षेत्र में मोड़ और स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार मांग के बावजूद अब तक सुधार नहीं हुआ है।





