Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

दाउदपुरा में दलित परिवार को निशाना बनाने के आरोप

By
On:

खबरवाणी

दाउदपुरा में दलित परिवार को निशाना बनाने के आरोप

“क्या स्वच्छ भारत अभियान केवल दलित परिवारों के लिए ही है?”

प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य में बाधा डालने का मामला, जमादार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

बुरहानपुर। दाउदपुरा क्षेत्र में स्वच्छ भारत अभियान की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र के एक दलित परिवार ने नगर निगम के सफाई अधिकारी जमादार पर आरोप लगाया है कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, जबकि पूरे क्षेत्र में अन्य कई मकानों का निर्माण कार्य खुलेआम जारी है और वहां भी रेती, गिट्टी, चुरी, लोहा सहित निर्माण सामग्री बाहर पड़ी हुई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार उनका मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहा है। निर्माण कार्य के चलते घर के आंगन में रेती और गिट्टी रखी गई थी, लेकिन सफाई अधिकारी रोज वहां पहुंचकर दबाव बना रहा था। परिवार का आरोप है कि जमादार दूर से चिल्लाकर कहता था — “यहां से रेती-गिट्टी हटाओ, नहीं तो हम उठाकर ले जाएंगे।”
परिवार का कहना है कि पूरे दाउदपुरा क्षेत्र में केवल उनके ही मकान को निशाना बनाया गया। आसपास कई निर्माणाधीन मकानों के सामने भी सामग्री पड़ी हुई है, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षेत्र में पक्षपात और भेदभाव की चर्चा तेज हो गई है।

“क्या नियम केवल एक वर्ग के लिए?”

यदि नगर निगम स्वच्छता अभियान चला रहा है तो नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। आखिर पूरे क्षेत्र में जगह-जगह पड़े निर्माण सामग्री के ढेर सफाई जमादार को क्यों दिखाई नहीं दे रहे? क्या अधिकारियों की नजर केवल गरीब और दलित परिवारों पर ही पड़ती है?
नगर निगम के कर्मचारी दबाव में आकर चयनात्मक कार्रवाई कर रहे हैं। क्या किसी के इशारे पर दलित परिवार को परेशान किया जा रहा है? यदि नियमों का पालन करवाना है तो पूरे क्षेत्र में एक समान कार्रवाई होनी चाहिए।
गरीब परिवार को हुआ आर्थिक नुकसान
लगातार दबाव और कार्रवाई की चेतावनी के बाद दलित परिवार ने मजबूर होकर अपनी गिट्टी हटवाई। परिवार के अनुसार इस प्रक्रिया में लगभग 2800 रुपये का नुकसान हुआ। परिवार ने बताया कि वह पहले से आर्थिक रूप से कमजोर है और प्रधानमंत्री आवास योजना के सहारे अपना आशियाना तैयार कर रहा है। ऐसे में नगर निगम कर्मचारी दबाव ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।

जांच और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

निगम प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग यदि किसी कर्मचारी द्वारा जातिगत भेदभाव, मानसिक दबाव या पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है तो उस पर उचित कार्रवाई होना चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने यह भी मांग की कि स्वच्छ भारत अभियान और संबंधी नियमों को पूरे दाउदपुरा क्षेत्र में समान रूप से लागू किया जाए, ताकि किसी गरीब, दलित या कमजोर वर्ग को अन्याय का सामना न करना पड़े।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News