Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

निर्माणाधीन सांदीपनी स्कूल आमला का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, ड्रेनेज कार्य शीघ्र पूर्ण कर स्कूल हैंडओवर करने के दिए निर्देश

By
On:

खबरवाणी

निर्माणाधीन सांदीपनी स्कूल आमला का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, ड्रेनेज कार्य शीघ्र पूर्ण कर स्कूल हैंडओवर करने के दिए निर्देश

सुरक्षा मानकों और निर्माण गुणवत्ता का गंभीरता से पालन करने की सख्त हिदायत

बैतूल, 06 मई 2026/कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को आमला पहुंचकर निर्माणाधीन सांदीपनी स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कॉन्ट्रेक्टर एवं कार्य एजेंसी पीआईयू को निर्देश दिए कि स्कूल भवन का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कर शीघ्र हैंडओवर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि ड्रेनेज एवं सीवर लाइन के शेष कार्यों के लिए आवश्यक अनुमति तत्काल प्राप्त कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा स्कूल के बच्चों के उपयोग को ध्यान में रखते हुए टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने भवन के विभिन्न तलों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने प्राचार्य को निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण होने के बाद ही भवन हैंडओवर लेने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल परिसर एवं भवन का भ्रमण कर बस संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया। साथ ही नगरपालिका को पोल शिफ्टिंग का कार्य तेजी से पूर्ण कराने तथा भवन अनुमति से संबंधित प्रक्रियाओं में आवश्यक अनुमतियों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

राशन दुकान का निरीक्षण कर स्टॉक का कराया मिलान, हितग्रहियों से चर्चा

इस दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने शासकीय उचित मूल्य दुकान आमला का निरीक्षण कर ऑनलाइन एवं भौतिक राशन स्टॉक का मिलान कराया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही निरीक्षण रजिस्टर में पूर्व में दर्ज टिप्पणियों का अवलोकन कर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से किया आत्मीय संवाद, भोजन चखकर गुणवत्ता परखी

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने आंगनवाड़ी केंद्र आमला का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर भोजन एवं नाश्ते की जानकारी ली तथा स्वयं नाश्ते को चखकर गुणवत्ता जांची। उन्होंने केंद्र में दर्ज कुपोषित बच्चों की स्थिति, स्वास्थ्य जांच, पोषण ट्रैकर एप पर प्रविष्टियों एवं मंगल दिवस आयोजन की जानकारी लेते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोटे, एसडीएम श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News