खबरवाणी
ऐतिहासिक नगरी बुरहानपुर में संपन्न हुआ “डाक चौपाल” कार्यक्रम
बुरहानपुर भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा आयोजित “डाक चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन ऐतिहासिक नगरी बुरहानपुर में गरिमामयी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री जितेंद्र गुप्ता, महानिदेशक डाक सेवाएं, नई दिल्ली की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान श्री गुप्ता ने डाक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, जनसुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि योजना के हितग्राहियों को पासबुक वितरित की गईं, जिससे योजना के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा लाभार्थियों का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।
कार्यक्रम में सेवा सदन शिक्षा सोसायटी, बुरहानपुर के अध्यक्ष श्रीमती तारिका वीरेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा श्री जितेंद्र गुप्ता, महानिदेशक डाक सेवाएं, नई दिल्ली का सम्मान किया गया तथा डाक विभाग की सेवाओं की सराहना भी की गई।
कार्यक्रम में श्री गौरव श्रीवास्तव, पोस्टमास्टर जनरल, इंदौर परिक्षेत्र, श्री आर. एस. रघुवंशी, निदेशक डाक सेवाएं, इंदौर परिक्षेत्र एवं श्री शाह सागर नैलेश प्रवर अधीक्षक डाकघर खंडवा संभाग की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
“डाक चौपाल” कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों और डाक विभाग के बीच संवाद को सशक्त बनाने तथा सेवाओं को और अधिक जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।





