खबरवाणी
पुलिस ने विफल किया 2 नाबालिगों के माध्यम से गांजा बिक्री कराने का प्रयास
मुलताई।क्षेत्र मे 2 नाबालिग से गांजा विक्रय कराने का प्रयास मुलताई पुलिस द्वारा विफल कराते हुए मुख्य आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा केस दर्ज किया है।टीआई नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया
बीते 27 अप्रैल 2026 को थाना मुलताई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मासोद रोड हाईवे ब्रिज के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने के उद्देश्य से आए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति एक झोला लिए दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया।पूछताछ में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक थैली में रखा मादक पदार्थ (गांजा) बरामद हुआ, जिसका वजन लगभग 1.408 किलोग्राम एवं अनुमानित कीमत 15 हजार रुपए पाई गई। वहीं अपराध मे संलिप्त एक बाइक कीमत करीब 70 हजार रुपए की जप्त की गई।प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि उक्त गांजा ग्राम गरव्हा निवासी किशन दरवाई द्वारा बिक्री के लिए दिया गया था। इस आधार पर आरोपी किशन दरवाई के विरुद्ध भी अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
वहीं पुलिस द्वारा धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 95 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। नाबालिगों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।उक्त कार्रवाई मे थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार, उप निरीक्षक सुनील सरेयाम, प्रधान आरक्षक सुशील धुर्वे, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक अरविंद पटेल एवं आरक्षक प्रिंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





