खबरवाणी
धू धू करके जली मोटरसाइकिल
खबर वाणी न्यूज़ | रफीक
सारनी। शोभापुर कॉलोनी स्थित WCL सिविल ऑफिस परिसर में सोमवार शाम एक खड़ी बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, कार्यालय में कार्यरत रवि यादव रोज की तरह अपनी बाइक से शाम करीब 7 बजे ऑफिस पहुंचे और वाहन खड़ा कर अंदर चले गए। कुछ ही देर बाद बाइक से अचानक स्पार्क हुआ और साइलेंसर के अधिक गर्म होने के कारण आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बाइक काफी हद तक जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या अधिक गर्मी माना जा रहा है।





