खबरवाणी
ओलावृष्टी प्रभावित किसानों को दी जाएगी हर संभव मदद -कमिश्नर
कमिश्नर ने मुलताई में ओलावृष्टि प्रभावित ग्रामों में फसलो का किया निरीक्षण
मुलताई। बीते दो दिन पहले मुलताई क्षेत्र के ग्रामो मे हुई ओलावृष्टी से फसले ख़राब हुई है. सोमवार को संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने मुलताई क्षेत्र में ओलावृष्टि से प्रभावित ग्रामों का भ्रमण कर गेहूं, गोभी, चना, टमाटर सहित अन्य फसलों में हुई क्षति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, एसडीएम राजीव कहार, उप संचालक कृषि आनंद कुमार बड़ोनिया एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त श्री तिवारी ने ग्राम सेमझिरा,जम्बाड़ी एवं धारणी का दौरा कर खेतों में पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का आंकलन किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि गठित सर्वे दलों द्वारा सूक्ष्मता से सर्वे कार्य किया जा रहा है, जो शीघ्र पूर्ण होगा। प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान की जाएगी।उन्होंने मौके पर उपस्थित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि किसानों की फसल क्षति का समय पर पोर्टल में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा बीमा दावा प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में कोई भी प्रभावित किसान न छूटे।संभागायुक्त ने ग्राम सेमझिरा में नल-जल योजना के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा जल समस्या न होने की जानकारी देने पर उन्होंने जल स्रोतों के दीर्घकालीन प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान उन्होंने ग्राम सेमझिरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर से बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण एवं केंद्र संचालन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए तथा केंद्र निर्धारित दिवसों पर समय से संचालित हो।





