खबरवाणी
पत्रकार समाज के प्रहरी- सकारात्मक ऊर्जा के संवाहक- मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल
मंत्री श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ उत्कृष्ट नागरिक सम्मान समारोह-2026
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, संगठनों के प्रतिनिधियों व नागरिकों का किया सम्मान
नरसिंहपुर। प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि पत्रकार समाज के सच्चे प्रहरी होते हैं, जो हर परिस्थिति में सच्चाई को सामने लाकर समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता का दायित्व और अधिक व्यापक हुआ है, ऐसे में पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए सामाजिक सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंत्री पटेल ने कहा कि पत्रकार जहां एक ओर महत्वपूर्ण विषयों को समाज के सामने रखते हैं, वहीं वे उन लोगों को भी पहचान दिलाने का कार्य करते हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति का सम्मान किया जाता है, तो उसके पीछे के कार्यों और योगदान का उल्लेख होना चाहिए, जिससे समाज में प्रेरणा का वातावरण बने और अन्य लोग भी अच्छे कार्यों के लिए आगे आएं।
उक्ताशय के विचार मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल रविवार को शासकीय पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित उत्कृष्ट नागरिक सम्मान समारोह-2026 के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम मणिनागेन्द्र सिंह फाउन्डेशन के तत्वावधान में पत्रकार फाउंडेशन नरसिंहपुर के द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मंत्री पटेल व अन्य अतिथियों ने शासकीय सेवकों, संगठनों के प्रतिनिधियों, नागरिकों, खिलाड़ियों आदि को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, अजय साहू, श्रीमती निशा सोनी, राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकार फाउंडेशन ताराचंद पटेल, राष्ट्रीय महासचिव विपिन बैरागी, प्रदेश अध्यक्ष विमल बानगात्री, मंडला से आए उपाध्यक्ष नितिन चौधरी, मणिनागेन्द्र सिंह फाउन्डेशन व पत्रकार फाउंडेशन नरसिंहपुर के पदाधिकारी, जिले के वरिष्ठ पत्रकार, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के सामने किया गया अभिनंदन व्यक्ति का गौरव बढ़ाता है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है। मंत्री पटेल ने नई पीढ़ी के युवाओं को भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यों से जोड़ने की आवश्यकता बताई, ताकि वे समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। उन्होंने आगे कहा कि समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ऐसे अनेक लोग हैं, जो प्रचार-प्रसार से दूर रहकर निरंतर कार्य कर रहे हैं यह समाज के लिए गर्व की बात है। मंत्री पटेल ने कहा कि पत्रकारिता एक सृजनात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण क्षेत्र है। समाज में सकारात्मक ऊर्जा देने वाले व्यक्तियों, संगठनों और समूहों को चिन्हित कर प्रतिवर्ष उनका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने पत्रकार फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय पहल बताया।





