खबरवाणी
इंसानियत शर्मसार: खौलते तेल से झुलसी तड़पती रही गौ माता, विहिप-बजरंग दल ने किया रेस्क्यू
आमला ।शहर में एक महीने से असहनीय पीड़ा झेल रही थी लाचार गाय, संगठन ने सुरक्षित गौशाला पहुँचाकर शुरू कराया इलाज; दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
आमला। शहर में मानवता को झकझोर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक बेजुबान गौ माता पिछले एक महीने से शरीर पर गहरे जख्म लिए सड़कों पर भटकती रही, लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा। किसी क्रूर व्यक्ति द्वारा गौ माता के शरीर पर खौलता हुआ तेल डाल दिया गया था, जिससे वे बुरी तरह झुलस गई थीं। इस अमानवीय कृत्य के कारण गाय असहनीय पीड़ा झेल रही थी।
तमाशबीन बने रहे लोग, सूचना मिलते ही पहुँचे कार्यकर्ता
एक महीने से यह पीड़ित गौ माता शहर के विभिन्न हिस्सों में दिखाई दी, कई लोगों की नजर उन पर पड़ी, लेकिन किसी ने भी उपचार की पहल नहीं की। जैसे ही इस क्रूरता की जानकारी विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली, वे तत्काल मौके पर पहुँचे। कार्यकर्ताओं ने गाय का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें गौशाला पहुँचाया।
घावों की स्थिति गंभीर, उपचार जारी
गौशाला में जब पशु चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच की, तो घावों की भयावहता देखकर हर कोई दंग रह गया। तेल से झुलसने के कारण घाव काफी गहरे और संक्रमित हो चुके थे। फिलहाल गौ माता का नियमित उपचार शुरू कर दिया गया है। दवाइयों और उचित देखभाल के बाद अब उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार देखा जा रहा है।
प्रशासन को चेतावनी: दोषियों को ढूंढकर हो कड़ी कार्रवाई
इस घटना को लेकर विहिप और बजरंग दल में भारी आक्रोश है। संगठन ने नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि बेजुबानों के साथ ऐसी बर्बरता करने वाले दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि शहर में गौवंश पर इस प्रकार के हमले नहीं रुके, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
अपील: बेजुबानों के प्रति संवेदनशील बनें नागरिक
संगठन के पदाधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे मूक पशुओं के प्रति दया भाव रखें। यदि कहीं भी कोई घायल या पीड़ित पशु दिखे, तो उसे अनदेखा करने के बजाय तत्काल संबंधित संस्थाओं या गौरक्षकों को सूचित करें।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल:
इस सेवा कार्य में बजरंग दल जिला गौरक्षा प्रमुख जस्सी पंडित, गौसेवक बलराम महोबे, प्रखंड अध्यक्ष अमन ठाकुर, नगर सह गौरक्षा प्रमुख विकास उमाठे और संत श्री दुर्वासा पुरी जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।





