Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

भौंरा में मौसम ने ली करवट, बारिश से बाजार और खेती प्रभावित

By
On:

खबरवाणी

भौंरा में मौसम ने ली करवट, बारिश से बाजार और खेती प्रभावित

तेज हवाएं और बूंदाबांदी से बढ़ी परेशानी, 2 से 4 अप्रैल तक मौसम रहेगा खराब

भौंरा। क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और भौंरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, हालांकि उमस के कारण दिनभर लोग असहज महसूस करते रहे।
शुक्रवार को भौंरा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर भी मौसम का असर देखने को मिला। अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते कई दुकानदारों को अपनी दुकानें समय से पहले बंद करनी पड़ीं, जिससे व्यापार प्रभावित हुआ और ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कृषि क्षेत्र में भी इस बदलाव ने चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में अभी गेहूं की कटाई अंतिम चरण में है और लगभग 10 प्रतिशत फसल की कटाई शेष है। वहीं बड़ी मात्रा में कट चुकी फसल खेतों में ही रखी हुई है। ऐसे में बारिश और संभावित ओलावृष्टि से फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों को फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण आगामी तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। इस दौरान कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर ओले गिरने के भी आसार हैं। 2 से 4 अप्रैल के बीच क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां जारी रहने और तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News