Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सारनी नगर पालिका का 143 करोड़ का बजट पारित, विकास कार्यों को मिली मंजूरी

By
On:

खबरवाणी

सारनी नगर पालिका का 143 करोड़ का बजट पारित, विकास कार्यों को मिली मंजूरी

खबरवाणी न्यूज़ रफीक,

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी में गुरुवार को आयोजित विशेष सम्मेलन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 143 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। दोपहर 1 बजे से शुरू हुई बैठक में शहर के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष किशोर बरदे ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष जगदीश पवार, विधायक प्रतिनिधि सुधा चंद्रा, नेता प्रतिपक्ष आनंद पिंटिश नागले एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम मौजूद रहे। वित्त शाखा सभापति दशरथ सिंह जाट की उपस्थिति में सहायक लेखाधिकारी ब्रजेश नागर ने 143 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे विस्तार से पढ़कर सुनाया गया।
बजट में नगर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 35 करोड़ रुपये की लागत से दूषित जल उपचार संयंत्र बनाने का प्रावधान रखा गया है, जिससे शहर के नालों को जोड़कर गंदे पानी का उपचार किया जाएगा। इसके अलावा अमृत 2.0 योजना के तहत 2.5 करोड़ रुपये से छठ घाट का जीर्णोद्धार किया जाएगा। ट्रेचिंग ग्राउंड में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से एमआरएफ सेंटर निर्माण और शहर में 1 करोड़ रुपये की लागत से ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना भी बजट में शामिल है।
बैठक में गार्ड-गनमैन और आउटसोर्स कर्मचारियों के टेंडर को लेकर भी चर्चा हुई। परिषद ने हाईकोर्ट के महाधिवक्ता के अभिमत के आधार पर शॉर्ट टेंडर प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया।
बजट के अनुसार नगर पालिका की अनुमानित आय 143.51 करोड़ रुपये और व्यय 143.24 करोड़ रुपये रखा गया है, जिसमें लगभग 2.6 लाख रुपये की बचत दर्शाई गई है। बैठक में बड़ी संख्या में पार्षदों की उपस्थिति रही और सभी ने बजट का समर्थन किया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News