Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

माँ वाघेश्वरी ग्रामोदय मेले की भव्य भक्ति संध्या-सुर, श्रद्धा और संस्कृति का दिव्य संगम

By
On:

खबरवाणी

माँ वाघेश्वरी ग्रामोदय मेले की भव्य भक्ति संध्या-सुर, श्रद्धा और संस्कृति का दिव्य संगम

बुरहानपुर। ग्राम धामनगांव में आयोजित माँ वाघेश्वरी ग्रामोदय मेले के अंतर्गत भव्य भक्ति संध्या का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक गरिमा के साथ निरंतर जारी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बुरहानपुर की लोकप्रिय विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के मार्गदर्शन में संचालित यह मेला जन-जन को आस्था, संस्कृति और सेवा से जोड़ते हुए एक विराट जनउत्सव का स्वरूप ले चुका है।
भक्ति संध्या में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति पूरे आयोजन को एक अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण प्रदान कर रही है। “जय श्रीराम” और “जय माता दी” के गगनभेदी उद्घोषों के बीच इंडियन आइडल फेम सुप्रसिद्ध गायक स्वर राहुल जी ने अपने सुमधुर, भावपूर्ण और ओजस्वी भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने “मेरे घर राम आए”, “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी”, “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम”, “ओ पालनहारे निर्गुण और न्यारे” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं हिंदी एवं मराठी में प्रस्तुत गणपति स्तुति, पारंपरिक वारकरी भजन तथा “सागर तर मडला” जैसी प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु झूमते नजर आए। भक्ति संध्या के दौरान मंच की भव्य सजावट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था एवं सुव्यवस्थित आयोजन ने कार्यक्रम की शोभा को और अधिक बढ़ा दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मेले की एक विशेष पहचान यह भी है कि विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) विगत 17 वर्षों से ग्राम धामनगांव में साधारण झोपड़ी में निवास कर जनसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। वे प्रतिदिन जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनती हैं और उनके समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
मेला परिसर में सजी हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, खिलौने एवं स्थानीय खान-पान की दुकानों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। वहीं आयोजित कृषि संगोष्ठी में किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, सिंचाई तकनीक एवं जैविक खेती के विषय में विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है।
*27 मार्च को विशाल रक्तदान शिविर और सुप्रसिद्ध कलाकार अरुण मनी लख्खा की प्रस्तुति*
मेले के अंतर्गत 27 मार्च 2026 शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला चिकित्सालय में रक्त की कमी को दृष्टिगत रखते हुए इस शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। इसी क्रम में 27 मार्च को शाम 6 बजे से सुप्रसिद्ध कलाकार अरुण मनी लख्खा की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित होगी। इसके पश्चात भंडारे के साथ मेले का समापन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस प्रकार माँ वाघेश्वरी ग्रामोदय मेला आस्था, संस्कृति, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों का सशक्त संगम बनकर क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और जनजागरण का संदेश निरंतर प्रसारित कर रहा है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News