Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

अंतरराष्ट्रीय हालात का असर: गैस की कमी की आशंका से भौंरा में सिलेंडर लेने उमड़ी भीड़

By
On:

खबरवाणी

अंतरराष्ट्रीय हालात का असर: गैस की कमी की आशंका से भौंरा में सिलेंडर लेने उमड़ी भीड़

भौंरा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बने तनावपूर्ण हालातों का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच रविवार को ग्राम पंचायत भौंरा परिसर में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। सिलेंडर लेने के लिए सैकड़ों लोगों की लंबी कतार लग गई और कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी द्वारा उन उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित किए गए, जिनकी बुकिंग को लगभग 25 दिन हो चुके थे। वितरण के लिए उपभोक्ताओं को अपना मोबाइल नंबर और गैस कार्ड साथ लाना अनिवार्य किया गया था, जिनके सत्यापन के बाद ही सिलेंडर दिए गए। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जिसके कारण उपभोक्ताओं में यह आशंका बनी हुई है कि भविष्य में टंकी समय पर मिलेगी या नहीं। इसी कारण वितरण की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए, जिससे पंचायत परिसर में भीड़ की स्थिति बन गई। ग्रामीणों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस की कीमतों और आपूर्ति को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। भारत में घरेलू एलपीजी की बड़ी मात्रा विदेशों से आयात होती है, ऐसे में वैश्विक हालातों का असर स्थानीय आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। यही वजह है कि कई उपभोक्ता गैस खत्म होने से पहले ही सिलेंडर लेने को लेकर अधिक सतर्क दिखाई दे रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि क्षेत्र में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से होती रहे और वितरण की व्यवस्था व्यवस्थित ढंग से की जाए तो इस तरह की भीड़ और परेशानी से बचा जा सकता है। वहीं लोगों ने संबंधित एजेंसी से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार न करना पड़े।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News