खबरवाणी
बिजली लाइन की चिंगारी बनी आफत, पलभर में राख हुई किसान की मेहनत
सर्रई | मुलताई
मुलताई तहसील के ग्राम सर्रई में बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने किसान की महीनों की मेहनत को कुछ ही पल में राख कर दिया। इस आग की घटना में दुनावा निवासी किसान दिलीप डोंगरे के खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार दुनावा निवासी किसान दिलीप डोंगरे का खेत ग्राम सर्रई के पास स्थित है। खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर गिर गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और खेत में खड़ी पूरी फसल उसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी।
इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर सर्वे कराकर पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए।





