खबरवाणी
घोड़ाडोंगरी में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती धूमधाम से मनाई, लोणारी कुणबी समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा
घोड़ाडोंगरी। नगर में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती लोणारी कुणबी समाज के तत्वावधान में गुरुवार को बड़े उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
शोभायात्रा बजरंग कॉलोनी से प्रारंभ होकर हॉस्पिटल चौक, सेंट्रल चौक, दुर्गा चौक, मालवीय मोहल्ला एवं मेन रोड से होते हुए राठौर मैरिज लॉन पहुंची। पूरे मार्ग में शिवाजी महाराज के जयघोष की गूंज और आकर्षक झांकियों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया तथा कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
इसके पश्चात शाम 7:00 बजे से राठौर मैरिज लॉन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों और युवाओं द्वारा देशभक्ति एवं वीरता से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के माध्यम से शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और आदर्शों को स्मरण किया गया।
लोणारी कुणबी समाज के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।





