खबरवाणी
महाशिवरात्रि पर शिवधाम पाराखाती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, देर रात तक गूंजता रहा ‘हर-हर महादेव’
दूनावा | मुलताई
मुलताई से लगभग 30 किलोमीटर दूर ग्राम दूनावा के समीप स्थित आस्था का प्रमुख केंद्र शिवधाम पाराखाती महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के महासागर में डूबा नजर आया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और देर रात तक ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से क्षेत्र गुंजायमान रहा।
प्राकृतिक गुफा में विराजित भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज़ से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
ग्रामीणों द्वारा प्रसाद वितरण एवं पेयजल की व्यवस्था की गई। भीड़ प्रबंधन में स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि शिवधाम पाराखाती में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, इसी आस्था के चलते हर वर्ष यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
युवा समाजसेवी पलाश कड़वे का 8 वर्षों से जारी भंडारा
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर युवा समाजसेवी पलाश कड़वे द्वारा विगत 8 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा भंडारा इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सुबह से देर शाम तक सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पलाश कड़वे ने बताया कि यह सेवा कार्य श्रद्धा और सामाजिक सहयोग की भावना से प्रारंभ किया गया था, जो अब निरंतर परंपरा बन चुका है। ग्रामीणों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।





