मुँह के छाले एक आम लेकिन बेहद परेशान करने वाली समस्या है। छाले होने पर न ठीक से खाना खाया जाता है और न ही बोलने में आराम मिलता है। आमतौर पर ये 7–14 दिनों में अपने आप ठीक हो जाते हैं, लेकिन दर्द इतना होता है कि लोग जल्दी राहत चाहते हैं। अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू उपायों से छालों में जल्दी आराम पाया जा सकता है।
मुँह में छाले क्यों होते हैं?
मुँह के छाले कई कारणों से हो सकते हैं। ज्यादा तनाव लेना, नींद पूरी न होना, हार्मोनल बदलाव, पेट खराब रहना या मुँह में चोट लगना इसके मुख्य कारण हैं। इसके अलावा विटामिन B12, आयरन या फोलिक एसिड की कमी से भी छाले हो जाते हैं। बहुत ज्यादा मसालेदार खाना, चॉकलेट, कॉफी, मूंगफली या ग्लूटेन युक्त चीजें भी छालों को बढ़ा सकती हैं।
बेकिंग सोडा से छालों का घरेलू इलाज
बेकिंग सोडा छालों के लिए एक असरदार घरेलू उपाय है। यह मुँह के बैक्टीरिया को कम करता है और जलन से राहत देता है।
कैसे इस्तेमाल करें:
थोड़ा सा बेकिंग सोडा लें और उसमें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को सीधे छाले पर लगाएं और 5–10 मिनट बाद मुँह साफ पानी से धो लें। दिन में 1–2 बार ऐसा करने से आराम मिलता है।
नमक वाले पानी से कुल्ला करें
नमक का पानी छालों की सूजन कम करता है और दर्द से राहत देता है।
कैसे करें:
एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाएं। इस पानी से 30 सेकंड तक कुल्ला करें और थूक दें। दिन में 2–3 बार करने से छाले जल्दी ठीक होने लगते हैं।
खाने-पीने में रखें ये सावधानियां
छाले होने पर बहुत ज्यादा तीखा, गरम और खट्टा खाना बिल्कुल न खाएं। ठंडी चीजें जैसे दही, ठंडा दूध या आइसक्रीम खाने से जलन कम होती है। दांत साफ करने के लिए हमेशा सॉफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें ताकि छाले और न बढ़ें।
कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
अगर मुँह के छाले बार-बार हो रहे हों, 2 हफ्ते से ज्यादा ठीक न हो रहे हों, वजन कम हो रहा हो, बुखार, ज्यादा थकान या शरीर पर रैशेज दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ये किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
Read Also :- प्रेमानंद महाराज कौन हैं और क्यों हैं इतने लोकप्रिय?




