खबरवाणी
घोड़ाडोंगरी में तेज रफ्तार का कहर:
मेन रोड पर बाइक–इनोवा टक्कर, व्यापारी संघ ने सौंपा ध्यानाकर्षण ज्ञापन
घोड़ाडोंगरी:- नगर में सोमवार की रात मेन रोड पर तेज रफ्तार के चलते बाइक और इनोवा कार की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रजापति ने बताया कि बाइक और इनोवा कार की टक्कर के मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर व्यापारी कल्याण संघ घोड़ाडोंगरी द्वारा चौकी प्रभारी को एक विशेष ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि मुख्य मार्ग पर फोरलेन निर्माण के बाद दुपहिया वाहनों की गति अत्यधिक बढ़ गई है। मार्ग पर कहीं भी गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) नहीं होने के कारण वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ समय पूर्व एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल द्वारा नगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी श्री राधेश्याम मालवीय को पीछे से टक्कर मारी गई थी, जिनका बाद में देहांत हो गया था। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कुछ दुर्घटनाओं के पीछे सड़क पर किया गया अतिक्रमण भी एक प्रमुख कारण है। कई व्यापारियों द्वारा दुकानों का सामान सड़क तक फैला दिया जाता है, कहीं लोहे के एंगल, रॉड व अन्य सामग्री रखी जाती है, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
बताया गया कि इस संबंध में नगर परिषद द्वारा कई बार मुनादी भी कराई गई, बावजूद इसके सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
व्यापारी संघ ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने, वाहनों की गति पर नियंत्रण, सड़क से अतिक्रमण हटाने तथा नियमित पुलिस निगरानी की मांग की है।
ज्ञापन सौंपते समय व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह खनूजा एवं जितेंद्र मालवीय, कोषाध्यक्ष तोषण गांवडे, साथ ही संजय अग्रवाल एवं मुकेश राठौर उपस्थित रहे।






