खबरवाणी
दिव्यांग महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुलताई। थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को मुलताई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया है। टीआई नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया पीड़िता ने थाना मुलताई में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीते 11जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच वह अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति बाइक से उसके घर के सामने आया और पानी मांगने लगा। फरियादिया द्वारा स्वयं के दिव्यांग होने तथा घर पर अकेली होने की बात कहने के बावजूद आरोपी जबरदस्ती पानी देने का दबाव बनाने लगा।
फरियादिया जब किसी प्रकार पानी लाने जा रही थी, तभी आरोपी उसके पीछे-पीछे घर के अंदर आया और बुरी नीयत से उसकी छाती पकड़ ली तथा संघर्ष के दौरान उसका सूट फाड़ दिया,झूमाझटकी में फरियादिया का मंगलसूत्र भी गिर गया। फरियादिया द्वारा जोर-जोर से चिल्लाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे आरोपी से छुड़ाया।जिसके बाद आसपास के नागरिक भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने आरोपी को पकड़कर रखा। फरियादिया द्वारा 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक आरोपी को नागरिकों द्वारा रोके रखा गया, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ईश्वर घातोडे निवासी मारुड जिला पांढुर्णा बताया।पुलिस द्वारा
तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर थाना लाकर आरोपी के खिलाफ दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम एवं एससी,एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, उप निरीक्षक मोनिका पटले, आरक्षक सत्येंद्र, लक्ष्मीचंद, तथा चालक शुभम की सराहनीय भूमिका रही।





