दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह कई स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसके तुरंत बाद बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूलों की गहन जांच की।
ईमेल के जरिए धमकी, स्कूलों में मचा हड़कंप
दिल्ली के लक्ष्मी नगर, मयूर विहार, रोहिणी सहित कई इलाकों के स्कूलों को आज सुबह बम धमाके की धमकी मिली। जैसे ही स्कूल प्रशासन को ईमेल प्राप्त हुआ, तुरंत बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकाला गया और स्कूल खाली करा दिया गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और पूरे कैंपस की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
पुलिस ने क्लासरूम, कॉरिडोर, ग्राउंड, पार्किंग और आसपास के इलाकों की पूरी तलाशी ली। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है। बच्चों को सावधानी के तौर पर ही घर भेजा गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की गहन जांच
यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को ऐसी धमकियां मिली हैं। इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।
धमकी भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान की जा रही है। साइबर सेल भी ईमेल की लोकेशन और सोर्स का पता लगाने में जुट गई है।
हाल ही में लाल किले के पास हुए धमाके में 15 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा पहले से ही हाई अलर्ट पर है।
पैरेंट्स को भेजा गया स्कूल का मैसेज, बच्चों को किया डिसमिस
धमकी मिलते ही स्कूलों ने पैरेंट्स को मैसेज भेजकर बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए कहा।
Indian School ने संदेश भेजा,
आज सुबह हमें ईमेल के जरिए बम धमकी मिली है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अलग-अलग समय पर घर भेजा जा रहा है।
इसी तरह Ahlcon International School ने भी 11 बजे तीस मिनट पर सभी बच्चों को छुट्टी देने का निर्णय लिया। बस, वैन या वॉक करने वाले सभी बच्चों को जल्दी घर भेजा गया।
DU कॉलेजों को भी मिली थी धमकी, सुरक्षा और सख्त
पिछले हफ्ते दिल्ली विश्वविद्यालय के देशबंधु कॉलेज और रामजस कॉलेज को भी ऐसी धमकी मिली थी। तब भी बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया था और जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।
लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर हैं।





