Perfume Side Effects: बहुत से लोग घर से बाहर निकलने से पहले परफ्यूम लगाना कभी नहीं भूलते। फ्रेगरेंस हमें फ्रेश और कॉन्फिडेंट महसूस कराती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोज़ाना परफ्यूम लगाने की आदत धीरे-धीरे आपकी सेहत पर बुरा असर डाल रही है? परफ्यूम में मौजूद केमिकल, आर्टिफिशियल खुशबू और अल्कोहल कई तरह के साइड इफेक्ट्स पैदा कर सकते हैं। आइए जानते हैं, रोज़ाना परफ्यूम लगाने से शरीर में कौन-कौन से बदलाव नजर आने लगते हैं।
स्किन पर खुजली, रैशेज और जलन
परफ्यूम में अल्कोहल और सिंथेटिक फ्रेगरेंस की मात्रा ज्यादा होती है। इसे सीधे स्किन पर लगाने से लालिमा, खुजली, छोटे दाने और रैशेज जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। लगातार इस्तेमाल से त्वचा का नेचुरल बैलेंस बिगड़ जाता है और स्किन सेंसिटिव हो जाती है। खासकर जिनकी स्किन पहले ही ड्राई या सेंसिटिव है, उन्हें परफ्यूम स्किन पर बिल्कुल नहीं लगाना चाहिए।
सिरदर्द और चक्कर आना
अगर आपको बार-बार सिरदर्द या चक्कर आते हैं, तो हो सकता है इसकी वजह आपकी पसंदीदा खुशबू ही हो। कई बार तेज़ महक वाला परफ्यूम दिमाग के सेंसेटिव नर्व को ट्रिगर कर देता है, जिससे माइग्रेन जैसी दिक्कत भी बढ़ सकती है। इसलिए बहुत स्ट्रॉन्ग फ्रेगरेंस से दूर रहना बेहतर है।
सांस लेने में दिक्कत और एलर्जी
जिन लोगों को पहले से अस्थमा, एलर्जी या सांस की समस्या है, उनके लिए रोज़ाना परफ्यूम लगाना परेशानी बढ़ा सकता है। परफ्यूम में मौजूद केमिकल सांस के जरिए अंदर जाकर ब्रोंकियल ट्यूब को प्रभावित करते हैं। इससे खांसी, सांस फूलना और घबराहट जैसी समस्या बढ़ सकती है।
हार्मोनल असंतुलन का खतरा
कई परफ्यूम में phthalates नाम का केमिकल पाया जाता है, जो हार्मोन डिसरप्टर माना जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि फ्थैलेट्स शरीर के हार्मोनल सिस्टम को गड़बड़ कर देते हैं, जिससे लंबे समय में थकान, मूड स्विंग और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। खासकर महिलाएं इसमें ज्यादा संवेदनशील होती हैं।
त्वचा का समय से पहले बूढ़ा दिखना
यह बात सुनकर अजीब लगता है, लेकिन परफ्यूम में मौजूद अल्कोहल स्किन को ड्राई कर देता है। त्वचा का मोइस्चर निकलने लगता है और स्किन डल, मुरझाई और उम्र से पहले बूढ़ी दिखने लगती है। लगातार स्किन पर परफ्यूम लगाने से फाइन लाइंस और रूखापन भी बढ़ सकता है।
Read Also:
परफ्यूम कैसे लगाएं कि नुकसान ना हो?
- परफ्यूम कभी भी सीधे स्किन पर न लगाएं, केवल कपड़ों पर हल्का स्प्रे करें।
- रोज़ इस्तेमाल न करके दिन छोड़कर लगाएं।
- किसी भी नए परफ्यूम को खरीदने से पहले पैच टेस्ट ज़रूर करें।
- अच्छी क्वालिटी और कम केमिकल वाले ब्रांड चुनें।





