सर्दियों में ठंड लगना सामान्य है, लेकिन अगर आपको हर मौसम में, रज़ाई के अंदर भी, ज़रूरत से ज्यादा ठंड लगती है तो यह किसी कमी का संकेत हो सकता है। आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी बताते हैं कि शरीर में कुछ विटामिन और मिनरल की कमी ठंड के प्रति संवेदनशीलता बढ़ा देती है। आइए समझते हैं कौन-सी कमियां ठंड बढ़ाती हैं और कैसे इन्हें दूर किया जाए।
विटामिन B12 की कमी: ठंड लगने की सबसे बड़ी वजह
डॉ. सलीम जैदी के अनुसार विटामिन B12 की कमी शरीर में ठंडक बढ़ाने का सबसे बड़ा कारण है। B12 शरीर में RBC बनाता है और खून की सप्लाई सही रखता है। इसकी कमी से खून में RBC कम हो जाते हैं, जिससे शरीर गर्मी पैदा नहीं कर पाता और हाथ-पैर हमेशा ठंडे महसूस होते हैं।
इसके अन्य लक्षण हैं— हाथ-पैर सुन्न होना, झुनझुनी, भूलेखापन, और जल्दी थकान।
आयरन की कमी: हाथ-पैर बर्फ जैसे हो जाते हैं
आयरन शरीर में हेमोग्लोबिन बनाता है। जब आयरन कम होता है तो खून पूरे शरीर में ऑक्सीजन नहीं पहुंचा पाता। इसी कारण शरीर गर्मी कम बनाता है और लोग दूसरों की तुलना में ज्यादा ठंड महसूस करते हैं।
आयरन की कमी वाले लोगों के पैर हमेशा ठंडे रहते हैं, कमजोरी रहती है और शरीर जल्दी थक जाता है।
थायरॉयड की कमी: मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है
यदि आपको कई महीनों से ठंड ज्यादा लग रही है, वजन अचानक बढ़ने-घटने लगा है, बाल झड़ रहे हैं या हमेशा थकान रहती है, तो यह हाइपोथायरॉयड यानी थायरॉयड कमी का संकेत हो सकता है।
थायरॉयड हार्मोन कम होने पर मेटाबॉलिज्म धीरे चलता है, शरीर गर्मी कम बनाता है और लगातार ठंड लगती है।
बहुत ठंड लगे तो क्या करें?
डॉ. जैदी सलाह देते हैं कि ठंड लगने पर सिर्फ कंबल में दुबकना ठीक नहीं, बल्कि शरीर को चलाना जरूरी है।
हल्की वॉक, घर के काम, स्ट्रेचिंग या हल्की एक्सरसाइज़ करने से ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और शरीर तुरंत गर्म होने लगता है।
Read Also:
कौन-से भोजन से मिलेगी गर्माहट और ताकत
यदि आपको आयरन की कमी है तो अपने खाने में पालक, चना, खजूर, गुड़ और मीट शामिल करें। साथ में विटामिन C वाले फल जैसे संतरा, नींबू और आंवला जरूर लें ताकि आयरन अच्छे से अवशोषित हो।
विटामिन B12 के लिए दूध, दही, पनीर, अंडे, चिकन, मछली और बीफ लें।
थायरॉयड की कमी होने पर आयोडीन युक्त नमक, मछली, दही और साबुत अनाज खाएं। जरूरत पर डॉक्टर की दवा भी लें।





