Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

फोरलेन पर बने यात्री प्रतीक्षालय पर अतिक्रमण हावी प्रशासन व हाईवे प्रबंधन की अनदेखी से यात्री परेशान

By
On:

खबरवाणी

फोरलेन पर बने यात्री प्रतीक्षालय पर अतिक्रमण हावी
प्रशासन व हाईवे प्रबंधन की अनदेखी से यात्री परेशान

भौंरा । नेशनल हाईवे पर भौंरा के पास फोरलेन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय आज अवैध कब्जों की भेंट चढ़ गए हैं। स्थिति यह है कि प्रतीक्षालय का मूल उद्देश्य पूरी तरह समाप्त हो गया है और इसका उपयोग लोग अपनी निजी दुकानें चलाने के लिए कर रहे हैं। मौके पर अक्सर देखा जा सकता है कि कुछ लोग प्रतीक्षालय में अपने सामान फैलाकर दुकानदारी कर रहे हैं। कोई मैकेनिक अपने बड़े-बड़े स्टेफनी, पाना, जैक और भारी उपकरण रखकर वहीं गाड़ियों में ग्रीसिंग का कार्य करता है, तो वहीं कभी कुछ छोटे दुकानदार खाद्य सामग्री व अन्य सामान की बिक्री करते दिखाई देते हैं।

इस कारण प्रतीक्षालय यात्रियों के उपयोग की जगह एक अस्थायी बाजार का रूप ले चुका है।

यात्रियों का कहना है कि प्रतीक्षालय पर रोज बड़े-बड़े वाहन खड़े रहते हैं, जिससे न केवल अव्यवस्था फैलती है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। यात्री छाया और बैठने की सुविधा से वंचित रहते हैं क्योंकि पूरी जगह दुकानों और उपकरणों से घिरी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फोरलेन प्रबंधन द्वारा इन अतिक्रमणकारियों को हटाने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया। कई बार शिकायतें होने के बावजूद न तो नियमित निगरानी की जा रही है और न ही कार्रवाई की जा रही है। इससे अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए इस ढांचे पर कब्जा होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन और नेशनल हाईवे प्राधिकरण तुरंत कार्रवाई कर प्रतीक्षालय को अतिक्रमण मुक्त कर यात्री सुविधाओं को बहाल करे।

इनका कहना

भौंरा फोरलेन पर बने यात्री प्रतीक्षालय पर अतिक्रमण की जानकारी मिली है। हम इस मामले की जानकारी नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों को देंगे, ताकि वे आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया करें। यह क्षेत्र एनएचएआई के अधीन है, इसलिए कार्रवाई का दायित्व उन्हीं का है।

तहसीलदार टी. विश्क

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News