खबरवाणी
प्रभात पट्टन ब्लॉक के ग्राम मासोद में ग्राम गौरव दिवस के अवसर पर ग्राम उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
भारत माता मंदिर परिसर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम का संचालन पंचायत एवं ग्राम विकास समिति द्वारा किया गया। भारत माता स्थापना वर्षगांठ के इस विशेष अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिनमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, स्वास्थ्य शिविर, ग्राम विकास संबंधी प्रदर्शनी तथा प्रतिभाशाली ग्रामीणों का सम्मान प्रमुख रहा। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन भी अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जी नागर और क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ किया।
अपने उद्बोधन में मोहन जी नागर ने ग्रामीणों से “पंच परिवर्तन” के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की बात कही। उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान, प्लास्टिक मुक्त गांव, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा कर ग्रामवासियों को प्रेरित किया। ग्राम विकास समिति द्वारा सभी को एक मंच पर लाने के इस प्रयास की भी उन्होंने प्रशंसा की।
वहीं विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में सामाजिक एकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में ऐसे उत्सव होते रहने चाहिए, जिससे पूरा समाज एक साथ मिलकर विकास के कार्य कर सके। उन्होंने ग्राम उत्सव में उपस्थित ग्रामीणों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
ग्राम उत्सव के दौरान स्कूली बच्चों और ग्रामीण प्रतिभाओं ने मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंच से सम्मानित भी किया गया।
महिला समूहों द्वारा सामाजिक समरसता पर आधारित गतिविधियाँ प्रस्तुत की गईं। इसी क्रम में गुरु कृपा मल्टीसिटी हॉस्पिटल बैतूल की मेडिकल टीम, डॉ. पवन पाल के नेतृत्व में, ने 80 ग्रामीणों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल थे—
मोहन जी नागर (प्रदेश उपाध्यक्ष, जन अभियान परिषद), विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला संघ चालक रामनारायण सोनी, ग्राम विकास जिला संयोजक देवराज लोखंडे, सरपंच संगीता धोटे, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे, ग्राम विकास समिति संयोजक अरविंद पद्माकर, सचिव शिवशंकर अमरूते, अजय ठाकुर, अलंकार सोनी, अमित धोटे, एनआरएलएम प्रतिनिधि अंकिता ठाकुर, मनोहर सावरकर, समाजसेवी राजेश पाठक, जनपद सदस्य उमेश बामने, सचिव उत्तम राव मगरदे, भीमराव साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन।





