Women’s Premier League 2026: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2026) को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants) ने अपनी रिटेंशन लिस्ट (Retention List) जारी कर दी है। इस बार टीम ने बड़ा फैसला लेते हुए सिर्फ दो विदेशी खिलाड़ियों को ही अपने साथ बनाए रखा है — और दोनों ही खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की हैं। बाकी सभी खिलाड़ियों को टीम ने रिलीज कर दिया है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।
गुजरात जायंट्स ने सिर्फ दो खिलाड़ियों को किया रिटेन
गुजरात जायंट्स ने एश्ले गार्डनर (Ashleigh Gardner) और बेथ मूनी (Beth Mooney) को रिटेन किया है। दोनों ही खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी क्रिकेटर्स हैं और टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ मानी जाती हैं। एश्ले गार्डनर को फ्रेंचाइजी ने ₹3.50 करोड़ में रिटेन किया है, जबकि बेथ मूनी को ₹2.50 करोड़ में टीम ने अपने साथ बनाए रखा है। बाकी सभी खिलाड़ियों को टीम ने रिलीज कर दिया है।
साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वुल्वार्ड्ट को किया गया रिलीज
सबसे बड़ा झटका तब लगा जब टीम ने साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वुल्वार्ड्ट (Laura Wolvaardt) को रिलीज कर दिया। वुल्वार्ड्ट ने हाल ही में महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाए थे और भारत के खिलाफ फाइनल में शानदार शतक लगाया था। उन्होंने नौ मैचों में 571 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे। इसके बावजूद उनका टीम से बाहर होना सभी के लिए चौंकाने वाला रहा।
बेथ मूनी और गार्डनर पर क्यों जताया भरोसा
एश्ले गार्डनर ने पिछले सीजन में गुजरात जायंट्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। वहीं, बेथ मूनी ने अब तक टीम के लिए 18 मैचों में 522 रन बनाए हैं। दोनों खिलाड़ियों के अनुभव और निरंतरता को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने इन्हें 2026 सीजन के लिए फिर से मौका दिया है।
रिटेंशन के बाद बचे 9 करोड़ रुपए
गुजरात जायंट्स ने दोनों खिलाड़ियों को रिटेन करने में कुल ₹6 करोड़ खर्च किए हैं। इसके बाद टीम के पास अब ₹9 करोड़ की राशि बची है, जिससे वे आने वाली WPL 2026 मेगा ऑक्शन में नए चेहरों को खरीद सकती हैं। फैंस को अब इंतजार है कि टीम अगले सीजन के लिए किन भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों पर दांव लगाती है।
Read Also:अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का सांसद कार्यालय में हुआ जोरदार स्वागत
गुजरात जायंट्स ने इन खिलाड़ियों को किया रिलीज
टीम ने भारतीय खिलाड़ियों में हर्लीन देओल, भारती फुलमाली, दयालन हेमलता, सिमरन शेख, मन्नत कश्यप, सयाली साठघरे, काश्वी गौतम, तनुजा कंवर, मेघना सिंह, प्रकाशिका नाइक, प्रिया मिश्रा और शबनम शकील को रिलीज किया है। वहीं विदेशी खिलाड़ियों में फोबी लिचफील्ड, लौरा वुल्वार्ड्ट, डिअंड्रा डॉटिन और डेनिएल गिब्सन को टीम ने बाहर का रास्ता दिखाया है।





