खबरवाणी
दुर्गा वाहिनी प्रशिक्षण के लिए बैतूल से 25 बहनें भोपाल रवाना
सात दिवसीय शिविर में आत्मरक्षा, शारीरिक प्रशिक्षण एवं बौद्धिक सत्र होंगे आयोजित
भौंरा । विश्व हिंदू परिषद जिला बैतूल के तत्वावधान में दुर्गा वाहिनी की 25 बहनें सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए शुक्रवार को ट्रेन द्वारा भोपाल स्थित शारदा विहार के लिए रवाना हुईं। रेलवे स्टेशन पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं मातृशक्ति की महिलाओं द्वारा फूल-माला एवं भगवा अंगवस्त्र पहनाकर सभी प्रतिभागियों का उत्साहपूर्वक स्वागत एवं विदाई दी गई।
जानकारी के अनुसार जिले के सातों प्रखंडों से चयनित बहनें आगामी सात दिनों तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगी। शिविर में आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण दिए जाएंगे, जिनमें तलवार चलाना, लाठी संचालन, राइफल प्रशिक्षण तथा नियुद्ध कला के अंतर्गत जूडो-कराटे जैसी विधाओं का अभ्यास शामिल रहेगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों के बौद्धिक एवं वैचारिक प्रबोधन के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवतियों एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सजग एवं आत्मरक्षा के प्रति सक्षम बनाना है, ताकि समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ रही विकृतियों एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री श्याम राठौर, बजरंग दल प्रांत गौ रक्षा प्रमुख कृष्णकांत गावंडे, जिला संयोजक कुणाल पाटील, शुभम यादव, जिला सह मंत्री प्रकाश गरवे सहित मातृशक्ति से वंदना कुंभारे एवं मंजूलता साहू सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण के लिए रवाना होने वाली बहनों को शुभकामनाएं दीं।





