खबरवाणी
फोन नहीं उठाने और समाचारों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप, सीईओ को हटाने की मांग
मीडिया कर्मियों का आरोप: पक्ष जानने के लिए फोन करने पर नहीं मिलता जवाब
आमला जनपद पंचायत में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) पंकज दारोटिया के कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय मीडिया कर्मियों ने एसडीएम से जनसुनवाई में शिकायत की है। मीडिया कर्मियों का कहना है कि पंकज दारोटिया के आमला जनपद पंचायत में पदस्थ होने के बाद से 28 सितंबर 2026 तक समाचार प्रकाशित करने से पहले संबंधित मामलों में प्रशासनिक पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किए जाने से अधिकारियों का पक्ष समाचारों में शामिल नहीं हो पाता। मीडिया कर्मियों के अनुसार इससे समाचार संकलन और प्रकाशन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासनिक पक्ष सामने आना आवश्यक है, ताकि समाचार संतुलित और तथ्यपरक रूप से प्रकाशित किए जा सकें।
समस्या मूलक समाचारों पर ध्यान नहीं देने का लगाया आरोप
स्थानीय मीडिया कर्मियों का कहना है कि आमला क्षेत्र में ग्रामीणों और आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। इन समाचारों का उद्देश्य संबंधित समस्याओं को प्रशासन के संज्ञान में लाकर उनका निराकरण कराना होता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जनपद पंचायत सीईओ द्वारा प्रकाशित समाचारों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता, जिसके कारण कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। मीडिया कर्मियों ने प्रशासन से इन आरोपों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
07 दिन में कार्रवाई की मांग, तालाबंदी की चेतावनी
शिकायत में मांग की गई है कि सीईओ की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा जरूरत होने पर आमला में नए सीईओ की पदस्थापना की जाए। मीडिया कर्मियों ने प्रशासन से सात दिवस के भीतर शिकायत पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन तथा जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी गई है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित विरोध की जानकारी शासन-प्रशासन को देकर कार्यक्रम किया जाएगा। मामले में सीईओ पंकज दारोटिया का पक्ष सामने नहीं आया है।





