खबरवाणी
सुरभि को श्रध्दांजलि देने कल आएंगे मामा शिवराज
बैतूल।। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल के दुखद निधन के बाद शहर में शोक का माहौल बना हुआ है। उनके निधन की खबर के बाद से ही राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र के कई बड़े नेता एवं अधिकारी बैतूल पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। लगातार हो रहे वीआईपी मूवमेंट के कारण शहर में इन दिनों नेताओं का आना-जाना लगा हुआ है।
इसी क्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शनिवार को बैतूल पहुंचकर दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार शिवराज सिंह चौहान दोपहर लगभग 3 बजकर 40 मिनट पर बैतूल पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के बाद वे सीधे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास पर जाएंगे और दिवंगत सुरभि को पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि सुरभि खंडेलवाल के असमय निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। उनके निधन के बाद से ही प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता बैतूल पहुंच चुके हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी बैतूल आकर हेमंत खंडेलवाल के निवास पर पहुंचे थे और दिवंगत सुरभि को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक भी लगातार हेमंत खंडेलवाल के निवास पर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन की ओर से आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं।
सुरभि खंडेलवाल के निधन से खंडेलवाल परिवार के साथ-साथ पूरे बैतूल जिले में शोक का वातावरण बना हुआ है और लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।





