Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही पर नागरिकों में भारी आक्रोश।

By
On:

खबरवाणी

प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही पर नागरिकों में भारी आक्रोश।

पैराडाइज स्कूल के बच्चों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है मार्ग, आए दिन हो रहे हैं हादसे।

नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने लिया संज्ञान, जल्द अधूरा कार्य पूरा कराने का दिया आश्वासन।

 

शहर में विकास कार्यों में हो रही भारी लापरवाही और सुस्ती का एक और गंभीर मामला सामने आया है। आमला के बोदखे बंधा रोड से मोक्षधाम जाने वाले मार्ग पर पिछले कई महीनों से नाले का निर्माण अधूरा पड़ा है। आलम यह है कि यह मुख्य मार्ग अब स्थानीय लोगों, राहगीरों और विशेषकर स्कूली बच्चों के लिए मुसीबत और हादसों का मुख्य कारण बन गया है।

शुक्रवार को एक बार फिर 11वीं कक्षा की एक छात्रा इस अधूरे निर्माण के कारण हादसे का शिकार हो गई, जिसके बाद स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा और क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

संकीर्ण सड़क और गहरे नाले के बीच जान जोखिम में डालकर निकल रहे बच्चे:

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य बहुत लंबे समय से चल रहा है, लेकिन इसे अभी तक पूरा नहीं किया गया है। स्थिति यह है कि जहाँ नाला बनाया गया है, वहाँ किनारों पर मिट्टी की भरााइ नहीं की गई है, जिससे सड़क पहले की तुलना में काफी संकीर्ण हो गई है। एक ओर गहरी नाली और दूसरी ओर वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच पैराडाइज स्कूल के छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है।

सुबह और दोपहर के स्कूल छूटने के समय इस मार्ग पर भारी भीड़ रहती है। बच्चों को नाले से बचते हुए तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। कई बार वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बच्चे और राहगीर यहाँ गिरकर घायल हो चुके हैं।

अधिकारियों की उदासीनता और जनता की चेतावनी:

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों का प्रतिदिन इसी मार्ग से आना-जाना होता है, लेकिन इसके बावजूद इस बदहाली और लोगों की सुरक्षा की ओर किसी का ध्यान नहीं है। यदि समय रहते नाले का निर्माण पूरा कर सड़क की भराई कर दी जाती, तो इन बार-बार होने वाले हादसों से बचा जा सकता था।

गुस्साए नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि:

अधूरे पड़े नाले के निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए।

सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी की भराई कर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।

निर्माण एजेंसी की लापरवाही की उच्च स्तरीय जाँच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूरन उग्र आंदोलन करने के लिए सड़क पर उतरेंगे।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का पक्ष:

नगर पालिका सीएमओ से नहीं हो सका संपर्क:

इस संबंध में नगर पालिका आमला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नितिन बिंजवे से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार मोबाइल पर संपर्क किया जो कि कॉल रिसीव नहीं करने के आदि है।

इस कारण इस मामले पर उनका आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।

 

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने कहा है कि—

“यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। ठेकेदार को सख्त निर्देश देकर जल्द से जल्द अधूरा निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों और स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।”

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News