खबरवाणी
नवापुर पंचायत मे गंदगी का आलम
राहगीर, ग्रामीण बदबु से परेशान
भैसदेही क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नवापुर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। नालियां जाम पड़ी है। लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन पंचायत सरपंच-सचिव द्वारा साफ-सफाई तक नहीं कराई जा रही है। जिससे ग्रामीणों में पंचायत के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत सरपंच-सचिव को सफाई कराने के लिए भी कहा गया, लेकिन सरपंच-सचिव ध्यान नहीं दे रहे है। सफाई के अभाव में हालात यह है कि ग्रामीणों को गंदगी भरे वातावरण में रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी होने से तेज दुर्गंध आ रही है। दुर्गंध के कारण ग्रामीणों को नाक पर रूमाल रखकर आना-जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत द्वारा कचरे के लिए टांके भी बनाये है, लेकिन यह भी कचरे से लबाबल भरे है। इनकी भी सफाई नहीं कराई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि महाविद्यालय के आसपास कचरे का अंबार लगा होने से विद्यार्थी भी परेशान है। उन्हें भी कचरे के कारण दुर्गंध इत्यादि परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत द्वारा जल्द की कचरे की सफाई नहीं कराई गई तो कचरे के कारण मच्छर और मक्खियां उत्पन्न होगी,
जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहेगी।
शहर की नालियों में भी कचरा भरा हुआ है जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कचरे के अलावा पंचायत नालियों की सफाई के प्रति भी उदासीन बनी हुई है। नालियों में पॉलीथिन का कचरा भरा हुआ है। जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे पानी नालियों में थम रहा है। नालियों में ही पानी सप्लाई की पाइप लाइन डली हुई है। जिससे घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की उदासीनता के कारण गांव में बीमारियां फैल सकती है। ग्रामीणों ने पंचायत से साफ-सफाई कराये जाने की मांग की है।






