खबरवाणी
थाना गंज पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपीगणों को किया गिरफ्तार
बैतूल
दिनांक 17/12/2025 को फरियादी विवेक पिता भगवान मरकाम, निवासी कालापाला द्वारा थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह सागौन बाबा बगिया में पूजा-पाठ करने गया था। इसी दौरान दोपहर के समय अन्नु उर्फ अनिकेत ठाकुर, अविनाश ठाकुर, आयुष, कृपालसिंह, रोहित, जुनैद, कुणाल एवं अन्य साथी उसके पास आए।आरोपी अन्नु ठाकुर ने फरियादी से कहा कि “10–15 दिन पहले तूने मेरी मोटर सायकिल रोकी थी, आज तुझे सबक सिखाता हूँ।” इसके बाद आरोपी अन्नु ठाकुर ने चाकू दिखाकर फरियादी को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और करेरा किराना दुकान, चुन्नीढाना के सामने ले जाकर सभी आरोपियों ने एक राय होकर फरियादी को घेर लिया तथा जान से मारने की नीयत से गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे, रॉड, फावड़ा एवं पत्थरों से मारपीट की।
घायल फरियादी को इलाज हेतु जिला चिकित्सालय बैतूल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 447/25, धारा 296(6), 115(2), 109(1), 140(1), 191(2) बीएनएस 2023 के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दौरान उपचार फरियादी की मृत्यु हो जाने से प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंज प्रशिक्षु शैफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम द्वारा भारत भारती हाईवे की ओर घेराबंदी कर फरार आरोपी अन्नु उर्फ अनिकेत ठाकुर एवं जुनैद उर्फ काला को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। इसके पश्चात हमलापुर रोड क्षेत्र से कृपालसिंह ठाकुर एवं दो विधि विरुद्ध अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपीगण—
1. अन्नु उर्फ अनिकेत ठाकुर, पिता कृपालसिंह ठाकुर, उम्र 27 वर्ष, निवासी चुन्नीढाना
2. जुनैद उर्फ काला, पिता इनायत अली, उम्र 18 वर्ष, निवासी उमरी
3. कृपालसिंह ठाकुर, पिता शिवलाल सिंह ठाकुर, उम्र 62 वर्ष, निवासी चुन्नीढाना
4. दो विधि विरुद्ध अपचारी बालक
सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
सराहनीय भूमिका
उपरोक्त कार्यवाही में डीएसपी शैफा हाशमी, उनि पवन कुमरे, उनि इरफान कुरैशी, सउनि किशोरीलाल, प्रआर आशीष, प्रआर चन्द्रकिशोर, प्रआर मयूर, प्रआर मंतराम, प्रआर रामदास, प्रआर गीता, प्रभार संध्या, आर सुरजीत जाट, आर अनिरुद्ध, आर गजानंद, आर नरेन्द्र तथा साइबर सेल से आर दीपेन्द्र, आर बलराम एवं आर राजेन्द्र की विशेष भूमिका रही।





