खबरवाणी
गुरु पूर्णिमा पर साईं सेवा समिति ने कराया खिचड़ी प्रसाद वितरण, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
भौंरा । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भौंरा नगर के बस स्टैंड पर साईं सेवा समिति द्वारा श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ साईं बाबा के छायाचित्र का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं खिचड़ी का भोग अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ, जो देर शाम तक निरंतर चलता रहा। आयोजन के दौरान नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
साईं सेवा समिति के सदस्यों ने पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरित किया। आयोजन स्थल पर देर शाम तक भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की लगातार उपस्थिति देखने को मिली।
साईं सेवा समिति द्वारा वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्य किए जाते हैं। समिति प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन कर श्रद्धालुओं की सेवा करती है। इसके अलावा समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक आयोजनों में सहयोग तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का भी संचालन किया जाता है। समिति का उद्देश्य सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को निरंतर बढ़ावा देना है।





