खबरवाणी
नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प
जिला बुरहानपुर
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड एवं जिला बुरहानपुर अंतर्गत धुलकोट सेक्टर के ग्राम धुलकोट में नवांकुर संस्था चम्पालाल महाजन एजुकेशनल सोसायटी एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति धुलकोट के तत्वावधान में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं-बहनों, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं समस्त प्रतिभागियों ने वृक्षों का पूजन कर प्रकृति पूजन एवं प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया ।
इस अवसर पर ग्राम धुलकोट पंचायत भवन से यात्रा निकालकर डा. बाबा साहेब अम्बेडकर चौराहा होते हुए थाना परिसर शिव मंदिर से होते हुए पुनः पंचायत भवन परिसर मे समापन किया गया। इस दौरान कलश यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों में हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति आत्मीय भाव जागृत करने का संदेश दिया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।
समापन कार्यक्रम में जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री मनीष कुवादे ने उपस्थित जनसमुदाय से हरियाली एवं वृक्षों के सामाजिक, आध्यात्मिक, पौराणिक और पर्यावरणीय महत्व पर सार्थक संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्ष केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन और संस्कृति के अभिन्न अंग माने गए हैं। पीपल, बरगद, नीम, तुलसी सहित अनेक वनस्पतियों को हमारी परंपरा में पूजनीय स्थान प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन सुरक्षित करने का संकल्प है। वृक्ष हमें प्राणवायु, छाया, फल, औषधि और जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को हरियाली एवं प्रकृति संरक्षण की शुभकामनाएं दीं।
हर घर तिरंगा, नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। ग्रामीणों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला समन्वयक जन अभियान परिषद् श्री मनीष कुवादे द्वारा उपस्थित जनों को नशामुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ग्राम, नशामुक्त समाज और हरित पर्यावरण—एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला हैं। इन तीनों क्षेत्रों में जनभागीदारी से ही स्थायी परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग से धुलकोट चौकी प्रभारी श्री कमल मोरे सरपंच धुलकोट,चम्पालाल महाजन एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष सुभाष चौहान के उपाध्यक्ष श्री मनोज दांगोरे सचिव श्री संतोष महाजन परामर्शदाता श्री लोकेन्द्र सेन हरदा, इटारिया, दवाटिया, झिरपांजरीया प्रस्फुटन समिति सदस्यों के साथ सरस्वती शिशु मंदिर एवं शासकीय विद्यालय धुलकोट के छात्र छात्राओं के साथ माताओ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं, ग्रामवासियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि प्रकृति संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नवांकुर सखी हरियाली यात्रा ने ग्राम धुलकोट सेक्टर में पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता और
नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।





