Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

दुकानों से 10 फीट बाहर सामान , ट्रैफिक जाम नगरपालिका का अमला दिनभर लाउड स्पीकर पर करता रहा अपील… फिर भी

By
On:

दुकानों से 10 फीट बाहर सामान , ट्रैफिक जाम
नगरपालिका का अमला दिनभर लाउड स्पीकर पर करता रहा अपील… फिर भी

गंज, कोठीबाजार और सदर में ट्रैफिक और नपा अमले ने जब्त किए बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहन

खबरवाणी न्यूज, बैतूल
धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में अटाटूट भीड़ रहती है। वहीं शहर में फिलहाल विकास के कामों में तेजी के चलते और काम पूरे नहीं होने के कारण जगह की कमी हो गई है। इसे लेकर गुरुवार को दिनभर नगरपालिका की गाड़ी से नपाकर्मियों ने लाउडस्पीकर लगाकर एनाउंसमेंट किया कि गाडिय़ों की पार्किंग जहां बनाई गई है वहीं खड़ी करें और दुकानों से अनावश्यक सामानों को बाहर न रखें, जिससे आने-जाने वाले खरीददारों को परेशानियों का सामना न करना पड़े, लेकिन हुआ बिल्कुल इसके विपरीत। कई लोगों ने दुकानों के बाहर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकान का डिस्प्ले 8 से 10 फीट तक बाहर कर लिया, इसके बाद उसी जगह पर लोगों ने अपनी बाइकें, स्कूटर खड़ी कर दी जिससे आने-जाने वालों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा और बार-बार लोग ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझते रहे। नगरपालिका ने अस्थायी रूप से शहर में दो से तीन जगह पार्किंग स्थल बनाया है, लेकिन लोगों ने यहां गाड़ी खड़ी करने के बजाए गाड़ी लेकर ही बाजार अंदर प्रवेश कर गए जिससे ट्रैफिक जाम होने की समस्या बार-बार सामने आती रही, यदि धनतेरस और दीपावली पर भी हाल यही रहा तो लोगों को भारी परेशानी होगी।

पार्किंग के लिए तय रूट से चलेंगे लोग तो नहीं होगी परेशानी
दिवाली त्योहार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। शहर के मुख्य बाजारों कोठी बाजार और गंज में वाहनों की पार्किंग के लिए 5 स्थान तय किए गए हैं, साथ ही ट्रैफिक को भी डायवर्ट किया जाएगा। बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में व्यापारी संघ के साथ हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। यह व्यवस्था त्योहार के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा के लिए लागू की गई है। बाजार में आने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कोठी बाजार के लिए: न्यू बैतूल ग्राउंड, नगर पालिका कार्यालय परिसर और एमएलबी स्कूल (जिला जेल के पास)। गंज बाजार के लिए: प्राइमरी स्कूल परिसर (आबकारी तिराहा) और रेलवे स्टेशन क्षेत्र। थाना चौक-चक्कर रोड और गौठाना की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन थाना चौक से लल्ली चौक की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। लल्ली चौक से कलेक्ट्रेट रोड और कोठी बाजार बस स्टैंड से आने वाले चार पहिया वाहन टिकारी अखाड़ा चौक की ओर डायवर्ट होंगे। गणेश मंदिर चौक खंजनपुर से लल्ली चौक की ओर आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए यह रास्ता वन-वे रहेगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News