खबरवाणी
दमुआ रोड पर राहगीर को घेरकर लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
50 हजार रुपये, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। सुनसान सड़क पर राहगीर को घेरकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को सारनी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को फरियादी संजीव त्रिपाठी, उम्र 57 वर्ष, निवासी एनबी-72, एबी टाइप सारनी ने थाना सारनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को वह कार से जुन्नारदेव से सारनी आ रहे थे। खैरवानी के पास ग्राम तेंदूखेड़ा के समीप मेन रोड पर वे पेशाब करने के लिए कार से नीचे उतरे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने फरियादी को डराया-धमकाया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल के माध्यम से जबरन 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। इसके अलावा मोबाइल फोन और 4,500 रुपये नगद भी लूटकर फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सारनी में अपराध क्रमांक 256/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी सारनी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार जांच के बाद पुलिस ने 17 अगस्त को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आनंद पिता रमेश उईके, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम ढोकली; सुभाष उर्फ अमन पिता कृष्णा बेलवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम ढोकली; कपिल पिता पिरमू धुर्वे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम ढोकली तथा विनय पिता किसना धुर्वे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम ढोकली शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 50 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक प्रीति पालेवर, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक मोहित भाटी, जितेन्द्र जाट और सुभाष की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय सुनसान मार्गों पर सावधानी बरतें और अनजान लोगों के कहने पर मोबाइल से कोई ऑनलाइन लेन-देन न करें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।





