Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

बंद घर में लगी आग, मजदूर परिवार का दो लाख का नुकसान

By
On:

खबरवाणी

बंद घर में लगी आग, मजदूर परिवार का दो लाख का नुकसान

महुआ बीनने गए थे परिवार के सदस्य, लौटे तो जल चुका था सामान; कारण अज्ञात, जांच जारी

भौंरा। थाना शाहपुर क्षेत्र के मानसिमपुरा गांव में शनिवार को एक बंद घर में अचानक आग लगने से मजदूर परिवार का करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य खेत में महुआ बीनने गए हुए थे। सूचना मिलने पर जब वे लौटे, तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था, लेकिन घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानसिमपुरा निवासी विजय बारस्कर (40) ने सरपंच वीरेन्द्र प्रताप बारस्कर के साथ थाना शाहपुर पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 28 मार्च की सुबह वे अपने घर पर ताला लगाकर परिवार सहित खेत गए थे। करीब 11 बजे उनके बेटे संदीप बारस्कर को भतीजी गीता बारस्कर ने फोन पर घर में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही विजय बारस्कर अपने बेटे के साथ तत्काल घर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने उनके पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी थी। आगजनी में घर में रखा अनाज, कपड़े, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, सोने का मंगलसूत्र, चांदी का मंगलसूत्र, सोने के टॉप्स, करीब 10 हजार रुपये नकद, बच्चों के मूल दस्तावेज सहित अन्य जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब उन्होंने घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं तो तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और अन्य लोगों को सूचना दी। उस समय घर पर ताला लगा हुआ था। घटना के बाद शनिवार को हल्का पटवारी ने गांव वालों की उपस्थिति में मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और तहसीलदार को प्रेषित किया। प्रारंभिक आकलन में लगभग दो लाख रुपये के नुकसान का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News