भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा ‘संजीवनी क्लिनिक’, लोकार्पण के 2 महीने बाद ही गिरा छज्जा, बाल-बाल बचे डॉक्टर
नरसिंहपुर । सोमवार को एक सरकारी क्लीनिंग की छज्जा गिर जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं इसके घटिया निर्माण पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी अनुसार जिले के करेली में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। करेली के रामवार्ड स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक की छत का छज्जा अचानक गिर गया। इस मलबे की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमित चौधरी और उनका सहायक घायल हो गए। इस संबंध में डॉ. अमित चौधरी ने बताया कि वे अपने केबिन में बैठकर मरीज की जांच कर रहे थे, तभी अचानक छत का एक हिस्सा टूटकर उनके ऊपर गिर गया। इस हादसे में डॉक्टर के सिर और नाक पर चोटें आई हैं। अचानक हुए इस वाकये से क्लिनिक में भगदड़ और डर का माहौल बन गया। करीब 17 लाख 58 हजार रुपए की लागत से तैयार इस क्लिनिक का लोकार्पण दिसंबर 2024 में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया था। नए भवन की छत गिर जाने से इसके घटिया निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। डूडा परियोजना अधिकारी नीलम चौहान ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी इसके लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।