खबरवाणी
हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, 3 की मौत 5 घायल
मुलताई।नेशनल हाईवे नागपुर बैतूल फोरलेन पर बिरूल बाजार चौराहे के पास स्थित जीतू ढाबे के सामने शनिवार की अल सुबह करीब 3 बजे नागपुर से सीहोर की ओर जा रही कार खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे कार में बैठे 3 लोगो की मौके पर ही मौत हो गई वहीं कार में सवार 5 लोग घायल हो गए। एम्बुलेंस के ईएमटी महेश झलिए ने बताया बूटीबोरी नागपुर से दो कार सीहोर कुबेरेश्वर धाम के लिए रवाना हुई जो की शनिवार की अल सुबह करीब 3 बजे मुलताई के पास स्थित जीतू ढाबे के पास खड़े ट्रक से टकरा गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए,वहीं कार में सवार दीपक श्यामराव राउत 55 वर्ष एवं उसकी पत्नी छाया राउत 51 वर्ष सहित प्रभा पति रामकृष्ण करदाते 48 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि कार में सवार नीता 40 वर्ष, नैतिक 12 वर्ष, उज्ज्वला मोहन 52 वर्ष, संगीता 43 वर्ष तथा सौरभ 30 वर्ष गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के
ईएमटी महेश झलिए एंबुलेंस सहित मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को परिजन उपचार के लिए नागपुर ले गए।वही दुर्घटना की जानकारी मिलने पर नागपुर से मृतकों के परिजन मुलताई पहुंचे पोस्ट मार्टम के बाद परिजनों को मृतको के शव सौपे गए है।बताया जाता है वाहन सौरभ चला रहा था,जो नींद के झोंके में खडे ट्रक से टकरा गया।





