परीक्षा केंद्र निर्धारण की हुई थी शिकायत
Betul News – बैतूल – प्रभारी सीएसी नेमीचंद मालवीय के मामले में सांध्य दैनिक खबरवाणी ने शुक्रवार को प्रमुखता से खुलासा किया था कि वे प्रतिनियुक्ति नियमों के खिलाफ प्रभारी सीएसी के पद पदस्थ है। अधिकारी इसे जहां व्यवस्था का नाम दे रहे हैं वहीं नियमानुसार प्रतिनियुक्ति सिर्फ दो साल के लिए होती है और अच्छे कार्यकाल को लेकर दो साल बढ़ाई जा सकती है। लेकिन नेमीचंद मालवीय 13 साल तक सीएसी और प्रभारी सीएसी के रूप में 8 साल से पदस्थ हैं। खबरवाणी की खबर के बाद विभाग में हड़कम्प मच गया है।
परीक्षा केंद्र निर्धारण में भी हुई थी शिकायत
जिला मुख्यालय पर प्रायवेट और सरकारी स्कूल के 5 वीं और 8 वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्र निर्धारण मामले में पिछले साल अशासकीय विद्यालय वेलफेयर सोसायटी समिति के पदाधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पक्षपात का मौखिक आरोप लगाया था। मौखिक शिकायत पर डीपीसी संजीव श्रीवास्तव ने इन पदाधिकारियों को आश्वासन दिया था कि भविष्य में शिकायत नहीं मिलेगी। दरअसल परीक्षा केंद्र का निर्धारण संकुल के माध्यम से किया जाता है। एमएलबी संकुल में जहां सीएसी और सीआरसी परीक्षा केंद्र का निर्धारण कर प्रस्ताव भेजते हैं उसके बाद परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं। जिस एमएलबी संकुल में प्रभारी सीएसी नेमीचंद मालवीय हैं उसमें 25 सरकारी स्कूल और 38 प्रायवेट स्कूल हैं। आरोप यह था कि प्रायवेट स्कूलों के परीक्षा केंद्र स्कूल से दूर बनाए गए थे। जिससे बच्चों को परेशानी हो रही थी।
- ये खबर भी पढ़िए :- Betul News – निजी स्तर पर हो रहा सरकारी बारदाने का उपयोग

प्रतिनियुक्ति को लेकर भी उठ रहे सवाल | Betul News
सरकारी और प्रायवेट स्कूल जिनकी मानीटरिंग सीएसी के द्वारा की जाती है। वहां के शिक्षक प्रभारी सीएसी की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज तो हैं लेकिन शिकायत करने सामने नहीं आते हैं। नाम न छापने की शर्त कुछ शिक्षकों का कहना है कि विभाग में प्रतिनियुक्ति को लेकर नियमों का पालन नहीं हो रहा है। कुछ प्रभावशाली लोग नियम विरूद्ध पदों पर पदस्थ हैं। जिनका प्रभाव नहीं है उन्हें हटा दिया जाता है या फिर बनने ही नहीं दिया जाता है। हालांकि विभाग के अधिकारी इसको लेकर कहते हैं कि काउंसलिंग में देरी होने के कारण नए सीएसी नहीं आ पाते हैं जिसके कारण पुराने सीएसी ही व्यवस्था में सहयोग करते हैं।

विभाग नहीं लेता सुध
शिक्षा विभाग में पदस्थ सहायक शिक्षक नेमीचंद मालवीय जिनकी वर्तमान मेें सुभाष स्कूल कोठीबाजार में पदस्थापना है और प्रभारी सीएसी के रूप में एमएलबी संकुल में पदस्थ हैं उनकी प्रतिनियुक्ति को लेकर जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी एनए प्रहलादी से सांध्य दैनिक खबरवाणी ने चर्चा की तो उनका कहना है कि प्रतिनियुक्ति के मामले में विभाग प्रमुख के द्वारा एनओसी दी जाती है। हालांकि प्रतिनियुक्ति दो साल के लिए होती है। उसके बाद संबंधित विभाग को वापस करना चाहिए यह मामला उच्च अधिकारियों के लिए स्तर का है।
- ये खबर भी पढ़िए :- Betul News – अपात्र खा रहे मलाई, पात्र खा रहे ठोंकरे





