शहर के विकास कार्यों एवं योजनाओं पर अर्चना चिटनिस और नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे की हुई विस्तृत चर्चा*
। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मध्यप्रदेश के आयुक्त संकेत भोंडवे की भेंट के दौरान बुरहानपुर नगर निगम एवं शाहपुर नगरीय क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों और नगरीय योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान शहर की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक सुरक्षा, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर में ‘नमो हरित वन’ विकसित करने का विषय प्रमुखता से रखा। सघन वृक्षारोपण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से प्रस्तावित इस नमो हरित वन के विकास के लिए 1.50 करोड़ की स्वीकृति देने का आश्वासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने दिया। स्वीकृति मिलने के बाद बुरहानपुर में व्यापक स्तर पर सघन वृक्षारोपण एवं हरित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा सकेगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। ‘नमो हरित वन’ के माध्यम से बुरहानपुर में हरियाली का विस्तार होगा तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह पहल आने वाली पीढि़यों के लिए भी पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी।
*2 करोड़ की लागत से बनेगा फायर स्टेशन*
श्रीमती अर्चना चिटनिस के प्रयासों के परिणाम स्वरूप बुरहानपुर की नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय हुआ है। शहर में 2 करोड़ की लागत से फायर स्टेशन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा इसके लिए एमपीयूडीसी द्वारा निविदा आमंत्रित की गई है। इसके साथ ही नगर निगम बुरहानपुर को मल्टीपरपस एडवांस्ड फायर टेंडर वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा। आधुनिक फायर टेंडर के मिलने से आगजनी सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
*दिव्यांग पार्क के निर्माण को मिलेगा रास्ता*
बुरहानपुर में दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग पार्क के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि पार्क के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराए जाने पर इसके निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इससे दिव्यांगजनों के लिए एक सुविधाजनक एवं समावेशी सार्वजनिक स्थल विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
*कायाकल्प योजना की शेष राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह*
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कायाकल्प के तहत सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए शेष राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें शहर की मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल हैं। शेष राशि उपलब्ध होने से स्वीकृत सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्यों को गति देकर नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
*निर्बाध जलापूर्ति के लिए स्टैंडबाय ट्रांसफॉर्मर की मांग*
बुरहानपुर जलावर्धन योजना की निर्बाधता को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। श्रीमती चिटनिस ने इंटेक वेल एवं ट्रीटमेंट प्लांट में स्टैंडबाय ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने की मांग रखी, ताकि विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार का ब्रेकडाउन होने पर जलापूर्ति बाधित न हो। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर की जलावर्धन योजना शहर की पेयजल व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में इंटेक वेल एवं ट्रीटमेंट प्लांट में वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था उपलब्ध रहना आवश्यक है। स्टैंडबाय ट्रांसफॉर्मर की सुविधा होने से विद्युत व्यवधान की स्थिति में भी जलप्रदाय व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस एवं आयुक्त संकेत भोंडवे के बीच हुई इस विस्तृत चर्चा में बुरहानपुर के समग्र एवं संतुलित विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषय सामने आए। पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘नमो हरित वन’, नागरिक सुरक्षा के लिए आधुनिक फायर स्टेशन एवं फायर टेंडर, दिव्यांगजनों के लिए पार्क, सड़कों के सुधार तथा निर्बाध पेयजल आपूर्ति जैसे विषय शहर के विकास को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण कदम हैं।
बुरहानपुर में ‘नमो हरित वन’ के लिए 1.50 करोड़ की स्वीकृति का आश्वासन शहर के पर्यावरणीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे सघन वृक्षारोपण को बढ़ावा मिलने के साथ बुरहानपुर के हरित स्वरूप को और अधिक मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त होगा।