खबरवाणी
आमला: रेलवे इंस्टीट्यूट में वॉलीबॉल एवं फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, बच्चों ने दिखाया उत्साह।
आमला विकासखंड शिक्षा विभाग बैतूल, रेलवे इंस्टीट्यूट आमला एवं नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन (एनआरएमयू) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 8 अगस्त 2026 को रेलवे इंस्टीट्यूट आमला में वॉलीबॉल एवं फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उपस्थित अतिथियों ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के आयोजन से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन आमला के अध्यक्ष शेख सफी, सचिव कृष्णकांत शर्मा, राजेश धोते, खीर चन्द्रे, ठेपे, इंस्टीट्यूट आमला के सचिव राकेश चौकीकर, कोषाध्यक्ष प्रीतेश मालवीय, पंकज धोते, एम.के. ठेपे सहित रेलवे इंस्टीट्यूट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं सांदीपनि हायर सेकेंडरी विद्यालय के प्राचार्य श्री खैरवार सहित विद्यालय के शिक्षकगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। एनआरएमयू अध्यक्ष शेख सफी, सचिव कृष्णकांत शर्मा, एम.के. ठेपे एवं पंकज ने प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।





