खबरवाणी
बाबा बारंगदेव को चढ़ाया सवा क्विंटल का त्रिशूल
आमला। ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 22 किलोमीटर दूर ग्राम बारंगवाड़ी में बाबा बारंगदेव के वार्षिक मेले का आयोजन किया जा रहा है। पहाड़ी पर स्थित बाबा बारंगदेव का मंदिर हजारों भक्तों की अटूट आस्था का केंद्र है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फागुन मास के उपलक्ष्य में बुधवार से विशाल मेले का शुभारंभ हुआ। बुधवार को आयोजित भव्य कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार को बाबा बारंगदेव को 11 फीट ऊंचा और सवा क्विंटल वजनी विशाल त्रिशूल अर्पित किया गया। सैकड़ों ग्रामीण इस भारी-भरकम त्रिशूल को लेकर गगनभेदी जयघोष के साथ 2500 फीट ऊंची पहाड़ी पर
स्थित मंदिर पहुंचे। पूरे विधि-विधान के साथ बाबा को त्रिशूल चढ़ाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों की मान्यता है कि बाबा बारंगदेव के दरबार में मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है, यही कारण है कि यहाँ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी भक्त खिंचे चले आते हैं। मेले के दूसरे दिन बुधवार को निकाली गई कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। इस यात्रा ने ग्राम पंचायत बारंगवाड़ी के सभी 12 ढानों का भ्रमण किया। जगह-जगह कलश यात्रा का स्वागत किया गया। कलश यात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए चल रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मेला समिति द्वारा विभिन्न सांस्कृति प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। गुरुवार से फाग प्रतियोगिता का आगाज हुआ, जिसमें ब्लॉक के चुनिंदा मंडलों ने हिस्सा लिया। आयोजन समिति ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन मंडलों को पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि अन्य प्रतिभागी मंडलों को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा जाएगा। ग्राम बारंगवाड़ी में आयोजित आदिवासी डंडार प्रतियोगिता का समापन आज शुक्रवार को होगा। इस प्रतियोगिता की शुरुआत गुरुवार शाम को हुई थी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। शुकवार समापन के अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जय बाबा बारंगदेव सेवा समिति और मेला समिति ने समापन समारोह को भव्य बनाने की तैयारी कर ली है। मेले के समापन अवसर पर जिले के दो विधायकों के शामिल होने की संभावना है। समिति ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के साथ-साथ घोड़ाडोंगरी विधायक गंगाबाई सज्जन उइके को भी आमंत्रित किया है। दोनों विधायकों की उपस्थिति में आदिवासी डंडार प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।





