खबरवाणी
लोक अदालत मे 7 साल से अलग रह रहे दम्पति के बीच कराया राजीनामा
मुलताई। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय मे शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमे अपर जिला सत्र न्यायाधीश संदीप पाटिल, संजय भलावी, व्यवहार न्यायाधीश गण एवं अधिवक्ता गण उपस्थित रहे। जिनके द्वारा लोक अदालत का शुभारम्भ मां सरस्वती के छाया चित्र समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण के साथ किया गया। लोक अदालत मे सात साल पृथक पृथक रह रहे दम्पति द्वारा न्यायाधीश,अधिवक्ताओं की समझाइश के बाद सुलह कराई गईं।दम्पति ने फिर से साथ रहने का संकल्प लिया। मुलताई के अधिवक्ता रूपलाल पाठेकर ने बताया मयावाड़ी निवासी अशोक और नेहा का विवाह लगभग आठ साल पहले हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद होने से बीते 7 वर्षों से अलग-अलग रह रहे थे।जिसके चलते दोनों पति पत्नी ने आपसी सहमति से तलाक के लिए न्यायालय में आवेदन भी दिया था।
उक्त प्रकरण मे न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए उन्हें परिवार एवं रिश्तों के महत्व को बताया तथा आपसी मतभेद भुलाकर एक बार फिर साथ रहने का प्रयास करने की सलाह दी गई।जिसके बाद उक्त प्रकरण राजीनामा के लिए लोक अदालत मे रखा गया।जहां समझाइश के बाद अशोक और नेहा ने साथ साथ रहने का निर्णय लेते हुए लोक अदालत में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर साथ साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया एवं ख़ुशी ख़ुशी एक साथ अपने घर की ओर रवाना हुए।





