खबरवाणी
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण प्रदर्शनी, गतिविधियां और सम्मान समारोह आयोजित
बुरहानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत परियोजना शहरी-2 अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र सिंधीपुरा, इतवारा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का प्रसारण किया गया। साथ ही बच्चों एवं अभिभावकों को पोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें पौष्टिक आहार एवं संतुलित भोजन से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।
बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता एवं सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद रितेश सरोदे, कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी मजूमदार, सीडीपीओ वंदना इंगले, सुपरवाइजर कुसुमलता तिवारी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं की सहभागिता से उत्साह का माहौल रहा।





