खबरवाणी
- शासकीय सांदीपनि विद्यालय आमला के एनसीसी कैडेट्स द्वारा आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा,
पखवाड़े के इस प्रेरणादायक सांदीपनि विद्यालय के 94 एनसीसी कैडेट्स ने निकाली स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक और श्रमदान से दिया ‘विकसित भारत’ का संदेश
2 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं और देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के पावन अवसर पर आज आमला नगर के प्रतिष्ठित संस्थान शासकीय सांदीपनि विद्यालय के 94 एनसीसी कैडेट्स ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के समापन एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत एक विशाल स्वच्छता एवं जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम ने पूरे शहर में जन-भागीदारी और स्वच्छता का एक अनूठा संदेश दिया।
महापुरुषों के स्मरण से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार खैरवाल के वर्चुअल संबोधन और ए.एन.ओ. डॉ. सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में दोनों जननायकों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस वर्ष के तेरहवें स्वच्छ भारत अभियान को ‘स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के रूप में मनाया गया, जिसका वर्चुअल शुभारंभ प्राचार्य द्वारा किया गया।
नुक्कड़ नाटक से समझाई नियम 2026 की बारीकियां
सामूहिक स्वामित्व और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कैडेट्स दिव्यांशी, मिताली, प्रतिज्ञा, भविका, देविका, त्रिवेणी, डिंपल, शिल्पा, सीमा और नव्या ने जनपद चौक तथा बस स्टैंड पर आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। नाटक के माध्यम से कचरा पृथक्करण और SWM नियम 2026 की जानकारी देते हुए नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
प्रमुख स्थलों पर किया श्रमदान।
रैली विद्यालय प्रांगण से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। इस दौरान कैडेट्स ने निम्नलिखित स्थानों पर विशेष श्रमदान और सफाई अभियान चलाया:
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति परिसर
आदिवासी जननायक क्रांतिकारी बिरसा मुंडा जी की मूर्ति परिसर
स्थानीय सिविल अस्पताल परिसर
जनपद चौक और बस स्टैंड मार्ग
‘आर.आर.आर.’ (RRR) के तहत हुआ वस्त्र दान
संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए विद्यालय लौटने पर ‘Reduce, Reuse, Recycle’ (आर.आर.आर.) की मुहिम को बढ़ावा दिया गया। इसके तहत परिसर में कार्य कर रहे श्रमिकों को पुराने उपयोगी कपड़े और बैग्स का दान किया गया।
रैली के दौरान “स्वच्छता को अपनाना है, बीमारियों को दूर भगाना है”, “हम सबका एक नारा, स्वच्छ हो देश हमारा” जैसे गूंजते नारों से पूरा आमला शहरायमान हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में ए.एन.ओ. डॉ. सतीश कुमार साहू ने सभी कैडेट्स, शिक्षकों, आउटसोर्स कर्मचारियों और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग देने वाले कर्मियों का आभार व्यक्त किया। इस प्रेरणादायक आयोजन पर विद्यालय परिवार और शहरवासियों ने सभी कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





