खबरवाणी
आंगन मिलन में सजी स्वदेशी व्यंजनों की थाली
महिलाओं को बताए स्वस्थ जीवन के सूत्र
बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आंगन मिलन सेवा के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। एकीकृत बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण की सेक्टर साकादेही अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलौट के केंद्र क्रमांक 1, 2, 3 और 4 का सामूहिक कार्यक्रम पंचायत भवन में आयोजित हुआ।
सोमवार को कार्यक्रम के समापन अवसर पर पोषण पखवाड़े के अंतर्गत पोषण थाली तैयार की गई। इसमें विभिन्न प्रकार की हरी सब्जियां और दालें शामिल की गईं। केंद्र से जुड़ी महिलाओं ने अपने-अपने घरों से स्वदेशी, स्वादिष्ट और संतुलित भोजन तैयार कर लाया तथा स्टॉल लगाकर प्रदर्शित किया। सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती प्रीति बरडे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम रोचक और सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
श्रीमती प्रीति बरडे ने महिलाओं को अपने घरों के आसपास पोषण वाटिका लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे नियमित रूप से हरी सब्जियां उपलब्ध होंगी और संतुलित आहार मिल सकेगा। संतुलित आहार से शरीर स्वस्थ रहता है और बीमारियां दूर रहती हैं। उन्होंने मुंगना का पौधा लगाने की समझाइश देते हुए बताया कि सरकार गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और कुपोषित बच्चों के लिए सहयोग कर रही है तथा सभी के स्वास्थ्य की चिंता की जा रही है। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत इलाज के लिए पांच लाख रुपए तक की सहायता मिलने की जानकारी भी दी।
उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रम को महिलाओं और ग्रामीणों के सहयोग से सफल बनाया जा सका। कार्यक्रम में सरपंच मंटू सिंग ऊईके मुख्य अतिथि तथा उपसरपंच गोपाल वट्टी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों का तीनों दिनों कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर पटवारी प्रियंका नर्रे, जानकी मर्सकोले, रीना मर्सकोले, पूनम नागवंशी, रेखा परते, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पूनम अग्निहोत्री, सरोज राठौर, लीला झरबडे, कमला खादीपुरे, सभी सहायिकाएं, किशोरी बालिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।





